बड़वानी में डॉक्टर की पत्नी ने नर्मदा नदी में छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। पति का कहना है कि पत्नी को मंगलसूत्र चाहिए था। उसे समझाया कि बाद में ला देंगे। इसी से नाराज होकर उसने आत्महत्या कर ली। महिला कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर थी और जिले के बोराली गांव में पदस्थ थी।
महिला बड़वानी के बोराली गांव में सीएचओ के पद पर पदस्थ थीं।
घटना छोटी कसरावद गांव में बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे की है। कल्याणपुरा गांव निवासी सीएचओ अंगूरबाला लोनखेड़े अपने पति डॉ. कृष्णा लोनखेड़े से विवाद के बाद अपनी स्कूटी से निकली और नर्मदा पुल पर पहुंचीं। गाड़ी खड़ी कर सीधे नदी में कूद गईं। पुल से गुजर रहे लोगों ने उन्हें कूदते देखा और तुरंत नाविकों को सूचना दी।
नर्मदा पुल पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने नाव से सीएचओ का रेस्क्यू किया और उन्हें पानी से बाहर निकाला। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति इंदौर में डॉक्टर हैं अंगूरबाला राजपुर के बोराली गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सीएचओ थीं। डॉ. कृष्णा लोनखेड़े इंदौर में बच्चों के डॉक्टर हैं। दंपती दिवाली मनाने बड़वानी स्थित अपने गांव कल्याणपुरा आए हुए थे।
डॉ. कृष्णा लोनखेड़े ने बताया कि बुधवार सुबह घर में पत्नी से मंगलसूत्र को लेकर विवाद हुआ था। वह मंगलसूत्र न लाने से नाराज थीं। उन्हें डर था कि पत्नी गुस्से में कोई गलत कदम उठा सकती है, इसलिए उन्होंने तुरंत डायल 100 और पुलिस को सूचना दी और खुद भी गाड़ी से उनके पीछे गए। हालांकि, वह उन्हें बचा नहीं पाए। दंपती के दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी।

पुलिस ने पीएम के लिए भिजवाया शव शहर कोतवाली पुलिस ने बताया कि महिला के पूल से कूदने की सूचना मिली थी। महिला का शव मिल गया है, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है
