जबलपुर के गढ़ा ट्रैफिक थाने की प्रभारी ने कॉन्स्टेबल को बीच सड़क पर थप्पड़ जड़ दिया। कॉन्स्टेबल ने इसकी शिकायत SP टीके विद्यार्थी से शुक्रवार को की है। घटना का CCTV फुटेज भी सौंपा है। VIDEO देखने के बाद SP ने जांच के निर्देश दे दिए हैं।
कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र जाट ट्रैफिक थाने में पदस्थ है। घटना दो दिन पहले गढ़ा थाने के नजदीक त्रिपुरी चौक की बताई जा रही है। कॉन्स्टेबल का आरोप है कि महिला TI सोमा मलिक ने उसे थप्पड़ मारा है। जबकि, TI सोमा मलिक का कहना है कि उन्होंने किसी को नहीं मारा है।
SP को शिकायत में कॉन्स्टेबल ने बताया कि उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसे ड्यूटी पर पहुंचने में देरी हो गई थी। उसकी ड्यूटी चेक पॉइंट पर लगाई गई थी। देरी होने के कारण नाराज TI ने उसे पास बुलाया और लेट होने का कारण पूछा। कॉन्स्टेबल जवाब दे पाता, उससे पहले सरकारी गाड़ी में बैठे-बैठे थप्पड़ मार दिया। यह देख नजदीक खड़े तीन से चार पुलिसकर्मी भी हैरत में आ गए और पीछे कर खड़े हो गए।
DSP कर रहे मामले की जांच
एडिशनल SP प्रदीप शेंडे का कहना है कि कॉन्स्टेबल ने घटनाक्रम के बारे में शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच DSP पंकज परमार को दी गई है। तथ्य में जो भी बात सामने आएगी, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों के बयान भी लिए जा रहे

एक महीने पहले ही हुआ था कॉन्स्टेबल का तबादला
कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र जाट का एक महीने पहले ही गढ़ा ट्रैफिक थाने में तबादला हुआ था। इससे पहले वह सिविल लाइन थाने में पदस्थ था। सूबेदार योगेश चौकसे के साथ पुष्पेंद्र ड्यूटी करता था।
मैडम के ज्यादा नजदीक चला गया था….
प्रत्यक्षदर्शी कॉन्स्टेबल विनीत चौकसे ने कहा, मेरे सामने घटना हुई। पुष्पेंद्र सिंह के बाजू में खड़ा था। मैं एलआईसी से त्रिपुरी चौक पहुंचा था, तभी मैडम की गाड़ी आई। मैं उनके सामने खड़ा था। इसी समय पुष्पेंद्र थाने से निकलकर बाहर जा रहा था। मैडम ने उसे आवाज देकर बुलाया। वह गलत हरकत करते हुए मैडम के नजदीक ज्यादा चला गया। मैडम ने उसे इशारा कर कहा कि थोड़ा पीछे हटो, अधिकारियों से बात करने की तमीज नहीं है। मैडम ने थप्पड़ नहीं मारा।