कब मिलेगी कोरोना की वैक्सीन? स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा ……..

भारत में बेकाबू हो चुके कोरोना वायरस  से 60 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं वहीं, अब तक 95 हजार से ज्यादा की मौत हो चुकी है. कोरोना वैक्सीन (Covid Vaccine) को लेकर भी वैज्ञानिक जुटे हुए हैं. भारत में तीन-तीन वैक्सीन पर रिसर्च जारी है. इस बीच स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि हमें उम्मीद है कि 2021 की पहली तिमाही के भीतर कोरोना वायरस की वैक्सीन (Coronavirus Vaccine) देश में उपलब्ध होगी.
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, ‘वैक्सीन विकसित करने के लिए रिसर्च तेजी से किया जा रहा है. देश में कम से कम तीन वैक्सीन परीक्षण के अलग-अलग चरणों में हैं. हमें उम्मीद है कि 2021 की पहली तिमाही के भीतर वैक्सीन उपलब्ध होगी. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि COVID-19 Vaccine के बारे में एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया गया है. हर कोई उस पोर्टल पर ऑनलाइन जा सकेगा और टीकाकरण के बारे में सभी समकालीन अनुसंधान-विकास और नैपरीक्षणों से संबंधित जानकारी देख सकेगा.
उधर, सोमवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय  की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 82 हजार 170 नए मामले सामने आए और इस दौरान 1,039 लोग इस जानलेवा वायरस का शिकार बने हैं.

 

कोविड वैक्सीन के लिए पोर्टल लॉन्च:-स्वास्थ्य मंत्री ने सोमवार को ही कोविड वैक्सीन के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया। इस पोर्टल पर वैक्सीन से जुड़ी सारी रिसर्च और डेवलपमेंट के अलावा इसकी लॉन्च डेट व अन्य जानकारियां मौजूद रहेंगी। यहां लोग ऑनलाइन जाकर वैक्सीन के बारे में अपनी जरूरत की जानकारी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा दूसरी वैक्सीन के बारे में भी जानकारी पोर्टल पर मौजूद रहेगी।

 

आईसीएमआर के लिए ऐतिहासिक दिन:-इस मौके पर हर्षवर्धन ने इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की 100 साल की टाइमलाइन भी जारी की। उन्होंने कहा कि आज आईसीएमआर के लिए ऐतिहासिक दिन है और मेरे लिए 100 साल की टाइमलाइन जारी करना गर्व का विषय है। यह इस संस्थान से जुड़े वैज्ञानिकों के काम के बारे में बताएगी और साथ ही आने वाले वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणा का काम करेगी।

 

देश में अभी हर्ड इम्यूनिटी नहीं:-उधर, स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन  ने कहा कि ICMR के दूसरे सीरो सर्वेक्षण से संकेत मिलता है कि भारत की आबादी कोरोना वायरस  संक्रमण के खिलाफ हर्ड इम्यूनिटी क्षमता हासिल करने से दूर है, लिहाजा संक्रमण से निपटने के लिए दिशा-निर्देशों का पालन करने की जरूरत है.
एक बयान में बताया गया है कि अपने सोशल मीडिया फॉलोअर्स के साथ संवाद के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) संक्रमण से ठीक हो चुके लोगों में पुनः संक्रमण की रिपोर्टों की जांच और शोध कर रहा है. हालांकि इस समय पुनः संक्रमण के मामलों की संख्या नगण्य है. सरकार इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है.
उन्होंने कहा कि सीरो सर्वेक्षण की रिपोर्ट से लोगों में संतोष का भाव पैदा नहीं होना चाहिए. मई 2020 में हुए पहले सीरो सर्वेक्षण से पता चलता है कि कि कोरोनो वायरस संक्रमण का देशव्यापी प्रसार केवल 0.73% था. हर्षवर्धन ने कहा, ‘यहां तक कि जल्द ही जारी किए जाने वाले दूसरे सीरो सर्वेक्षण से संकेत मिलते हैं कि हम किसी भी प्रकार की हर्ड इम्यूनिटी की क्षमता हासिल करने से बहुत दूर हैं. ऐसे में आवश्यक है कि हम सभी को कोविड दिशानिर्देशों  के अनुसार उचित व्यवहार का पालन करते रहना चाहिए.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *