
उज्जैन के शांति पैलेस में चल रहे गरबे में हंगामा हो गया। हिंदू संगठनों के नेताओं ने एक युवक को पीट दिया। शहर के कई गरबा पंडाल में हिंदूवादी संगठन बजरंग दल, वीएचपी और हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता गैर हिंदुओं के गरबे में प्रवेश को लेकर चेतावनी दे रहे हैं।
शुक्रवार रात का एक VIDEO सामने आया। इसमें शांति पैलेस के गरबे में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता एक युवक पर टूट पड़े और उसकी जमकर पिटाई कर दी। VIDEO में करीब एक दर्जन से अधिक हिंदूवादी नेता युवक की पिटाई करते नजर आ रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने मंच से चेतावनी दी थी कि गरबे में कोई भी गैरहिंदू है तो बाहर हो जाए। इसके बाद भी एक युवक वहीं रहा, जिसे पकड़कर बाहर कर दिया।
एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पाराशर ने बताया कि घटना के जानकारी लगी है कि कुछ गलतफहमी की वजह से मारपीट की घटना सामने आई थी। पुलिस ने बीचबचाव करके मामले को शांत करवा दिया था।