
अवंतिका गैस में नौकरी पाने के लिए PMO (प्रधानमंत्री ऑफिस) के डायरेक्टर के नाम से फर्जी लेटर भेजने का मामला सामने आया है। पीएमओ डायरेक्टर की तरफ से फर्जी सिफारिश की गई थी। लेटर देखने के बाद कंपनी के अधिकारी भी पहले सकते में आ गए। अब मामले में पुलिस को शिकायत की है। प्रारंभिक जांच में लेटर फर्जी पाया गया है।
मैनेजर को लिखे लेटर पर संजय लोहिया का नाम
विजय नगर क्षेत्र में बिजनेस पार्क में अवंतिका गैस प्राइवेट लिमिटेड का ऑफिस है। 20 जुलाई 2023 को रिसेप्शन पर एक लेटर दिया गया था। लेटर हेड पर नाम लिखा हुआ था संजय लोहिया डायरेक्टर PMO। लेटर अवंतिका गैस के मैनेजिंग डायरेक्टर के नाम से था। लेटर में लिखा था कि दीपक अवस्थी को असिस्टेंट प्रोजेक्ट मैनेजर के नाम पर पदस्थ किया जाए।
प्रारंभिक जांच में ये लेटर फर्जी पाया गया है। अवंतिका गैस के विधि विभाग के राहुल ने अपने वकील प्रशांत के साथ क्राइम ब्रांच में मामले की शिकायत की है। मामले में राहुल पस्तोर निवासी बिजनेस पार्क की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धारा 417, 468, 471 में केस दर्ज किया है। कंपनी की तरफ से पुलिस को ये बताया गया है कि अज्ञात व्यक्ति रिसेप्शन पर ये लिफाफा दे गया था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दो महीने पहले कंपनी के ऑफिस पर अज्ञात व्यक्ति नियुक्ति के संबंध में लिफाफा दे गया था। पुलिस अब उस दिन के सीसीटीवी फुटेज खंगाल ये पता लगाने में जुटी है कि रिसेप्शन पर नियुक्ति के संबंध में लिफाफा रखने वाला व्यक्ति कौन था।

जिस दीपक अवस्थी के नाम की सिफारिश हुई, उसका भी पता नहीं : पुलिस
जिस दीपक अवस्थी को असिस्टेंट मैनेजर के पद पर पदस्थ करने की बात लेटर में लिखी है वो कौन है ये अभी पता नहीं चल पाया है। मामले में जांच की जा रही है। लेटर में किसी प्रकार का कोई कॉन्टैक्ट नंबर भी नहीं है। लेटर देने के बाद भी किसी ने नियुक्ति के लिए संपर्क नहीं किया है। सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज भी देख रहे हैं।
– राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच