बिहार में चलती ट्रेन से ‘शराब की बारिश’: सत्याग्रह एक्सप्रेस की छत से टपकी बोतलें, सन्न रह गई पब्लिक, शातिर तस्करी का तरीका उजागर, RPF की बड़ी कार्रवाई

बिहार में सत्याग्रह एक्सप्रेस की छत से अचानक शराब टपकने लगी. एक के बाद एक शराब की कई बोतलें छत में बने कंपार्टमेंट से नीचे आ गिरीं. लोगों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. थोड़ी ही देर बाद आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शराब जब्त की गई.

ट्रेन से शराब तस्करी

मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी से चौंकाने वाला मामला सामने आया. जहां दिल्ली से बिहार पहुंची ट्रेन की छत से अचानक शराब की बारिश होने लगी. यह नजारा देख कोच में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया. लोगों ने वीडियो बनाया और आरपीएफ को मामले की जानकारी दी. कुछ ही देर में छत के कंपार्टमेंट में छिपाकर रखी गई, सारी शराब की बोतलें नीचे आ गिरीं. RPF ने शराब बरामद कर ली है. तस्कर फरार हो गया

बिहार में शराब तस्करी के नए-नए तरीके खोजे जा रहे हैं. इस बार जो मामला सामने आया, उसने यात्रियों और पुलिस दोनों को हैरान कर दिया. आनंद विहार से रक्सौल जंक्शन जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चलती ट्रेन की छत से अचानक शराब की बोतलें नीचे गिरने लगीं. बताया जा रहा है कि ट्रेन जैसे ही कप्तानगंज के पास पहुंची, तभी छत से एक-एक कर शराब की बोतलें टपकने लगीं. यह नजारा देख यात्री दंग रह गए. कुछ लोगों ने तुरंत इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बाथरूम के पास बनाया था तहखाना
मौके पर मौजूद आरपीएफ और स्कॉर्ट कर रही पुलिस टीम भी इस घटना से हैरान रह गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब तस्करों ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया था. ट्रेन की दो बोगियों के बीच, बाथरूम के पास एक तरह का गुप्त तहखाना बनाकर उसमें शराब छिपाई गई थी. साथ ही कुछ बोतलें छत के हिस्से में भी रखी गई थीं. लेकिन तेज रफ्तार और झटकों के कारण छत पर रखी शराब एक-एक कर नीचे गिरने लगी और पूरा मामला खुल गया.

तस्करों को तलाश रही पुलिस
पुलिस ने तुरंत सतर्कता बढ़ाई और पूरे डिब्बे की जांच शुरू कर दी. हालांकि, इस दौरान तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे या पहले ही उतर गए इसकी जांच की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. वायरल वीडियो और यात्रियों के बयान के आधार पर जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *