महाराष्ट्र के नागपुर में 31 मार्च तक बढ़ा लॉकडाउन, इतने बजे तक ही खुलेंगी आवश्यक दुकानें

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। राजधानी मुंबई, पुणे के अलावा नागपुर में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। जिस वजह से वहां पर प्रशासन ने 31 मार्च तक मौजूदा प्रतिबंधों को जारी रखने का फैसला लिया है। इसके अलावा सब्जी, किराना आदि आवश्यक वस्तुओं की दुकानें अब शाम 4 बजे तक ही खुलेंगी, ताकी बाजारों में भीड़ को कम किया जा सके।

महाराष्ट्र के मंत्री नितिन राउत ने कहा कि कोरोना के कहर को देखते हुए नागपुर शहर में 15 से 21 मार्च तक लॉकडाउन लागू किया गया था, जिसे बढ़ाकर 31 मार्च तक कर दिया गया। साथ ही शाम 7 बजे सभी रेस्टोरेंट बंद हो जाएंगे, लेकिन ऑनलाइन फूड डिलीवरी रात को 11 बजे तक होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्कूल और कॉलेजों को भी 31 तारीख तक बंद रखने का आदेश दिया है। इस दौरान जो निर्धारित परीक्षाएं हैं वो कोविड-19 प्रोटोकॉल के साथ आयोजित की जाएंगी।

कोरोना केस की बात करें तो नागपुर में पिछले 24 घंटे में 3679 मामले रिकॉर्ड किए गए। इसके साथ ही 1594 लोग ठीक हुए जबकि 29 लोगों के मौत की खबर है। ऐसे में जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 1,89,466 हो गई है, जिसमें 4592 की मौत हुई है और 1,57,249 लोग ठीक हुए। वहीं पूरे राज्य की बात करें तो वहां पर संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 24,22,021 हो गई। इसमें 53,208 लोगों की जान इस महामारी ने ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *