
भोपाल में लंपी वायरस का खतरा लगातार बढ़ते जा रहा है. बीते एक हफ्ते की बात की जाए तो करीब लंपी वायरस से संक्रमित मवेशियों की संख्या 32 पर पहुंच गई है. वहीं 11 संक्रमित गोवंश सड़क पर आवारा घूमते हुए मिली हैं. जिन्हें पकड़कर जहांगीराबाद के पशु आश्रय स्थल में रखा गया है. वहीं संक्रमित हुई गोवंश को स्वस्थ पशुओं से दूर रखने को भी कहा गया है. ताकि ये लंपी वायरस दूसरे जानवरों में भी न फैले. अगर ऐसा होगा तो फिर कई जानवर इसकी चपेट में आएंगे.
बता दें कि भोपाल के जहांगीराबाद के आवारा पशु आश्रय में मवेशियों का इलाज किया जा रहा है. जहां 2 से 3 संक्रमित गोवंश की हालत काफी गंभीर है. डॉक्टरों का कहना है कि सात दिन तक संक्रमित पशुओ को क्वारेंटाइन में रखा जाता है. इसके बाद वे ठीक हो जाते हैं. डॉक्टरों के मुताबिक लंपी वायरस कोरोना की तरह ही जैसे इंसानों से इंसानों में फैला था, वैसे ही ये जानवरों में फैलता है. इसलिए संक्रमित और स्वस्थ्य गोवंश को अलग-अलग रखा जाता है. वहीं पशुओं की जांच ब्लड सैंपल के जरिए होती है, ब्लड लैब में भेजा जाता है. तब रिपोर्ट आती है.