
गाड़ी पर पत्थर मारते हुए कैमरे में कैद हुई महिला।
सागर के मकरोनिया नगर पालिका कार्यालय में पहुंची एक महिला ने नगर पालिका सीएमओ की गाड़ी पर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से गाड़ी का कांच क्षतिग्रस्त हुआ है। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मामले में नपा सीएमओ के ड्राइवर ने थाने पहुंचकर शिकायती आवेदन दिया है। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
मकरोनिया नगर पालिका कार्यालय में वार्ड क्रमांक 16 की रहने वाली महिला पहुंची थी। उसने लाड़ली बहना योजना में नाम जोड़ने को कहा। इस पर सीएमओ रीता कैलासिया ने महिला को बताया कि आपका नाम जोड़ दिया जाएगा। अभी पोर्टल बंद है, इसलिए बाद में आना। महिला काफी समय तक बहस करती रही। इसके बाद वह कार्यालय से चली गई। अचानक महिला नगर पालिका कार्यालय परिसर में पहुंची और सीएमओ की गाड़ी पर पत्थर मारना शुरू कर दिया। महिला की हरकत देख आसपास अफरा-तफरी मच गई। गाड़ी में बैठा ड्राइवर उतरकर भागा।
मकरोनिया नपा सीएमओ रीता कैलासिया ने बताया कि वार्ड 16 की महिला कार्यालय में आई थी। लाड़ली बहना योजना में नाम जुड़वाने का बोल रही थी। उसे बताया कि पोर्टल बंद है। चालू होने पर जोड़ दिया जाएगा। लेकिन, वह कुछ समझ नहीं रही थी। उसे बाहर भेजा। थोड़ी देर बाद पता चला कि वह परिसर में खड़ी मेरी गाड़ी पर पत्थर मार रही है। इस तरह की घटना से मैं और मेरे कर्मचारी भयभीत हैं। मामले में मेरे ड्राइवर ने मकरोनिया थाने में शिकायती आवेदन दिया है।