मध्यप्रदेश। खबर छपने से नाराज कलेक्टर सोनिया मीणा ने भोपाल के पत्रकार की बहन से लिया बदला — जांच और नोटिस के जरिए किया प्रताड़ित; पत्रकार ने कुछ दिन पहले चलाई थी खबर

कलेक्टर सोनिया मीणा ने भोपाल के पत्रकार की बहन से बदला ले लिया है। पत्रकार सिंगोरिया ने कुछ दिन पहले नर्मदापुरम जिले में खाद के लिए परेशान होते किसानों पर लाठीचार्ज की खबर चलाई थी।

BHOPAL : खबर छपने से नाराज कलेक्टर सोनिया मीणा ने भोपाल के पत्रकार की बहन से बदला ले लिया है। मामला मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम (होशंगाबाद) जिले का है। भोपाल के पत्रकार कुलदीप सिंगोरिया ने कलेक्टर पर कई आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कलेक्टर ने उनकी बहन व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्योति बरदिया को जांच और नोटिस के जरिए प्रताड़ित कराया है।

दरअसल, पत्रकार सिंगोरिया ने कुछ दिन पहले नर्मदापुरम जिले में खाद के लिए परेशान होते किसानों पर लाठीचार्ज की खबर चलाई थी। आरोप है कि इससे Collector Sonia Meena नाराज हो गई। इसके बाद उन्होंने पत्रकार की जानकारी जुटाई। इसमें पता चला कि पत्रकार कुलदीप सिंगोरिया की बहन ज्योति नर्मदापुरम जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। इसके बाद प्रशासनिक अमला एक्टिव हुआ और 24 अक्टूबर को सिवनी मालवा तहसील के जीरावेह गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर तहसीलदार कीर्ति पवार के साथ जांच टीम पहुंच गई। जांच में कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली।

नींद से जगाकर तामील कराया नोटिस
पत्रकार कुलदीप ने इस घटनाक्रम की जानकारी प्रभारी मंत्री राकेश सिंह और सीएमओ को दी। इसके बाद भी कलेक्टर ने एसडीएम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्योति को कारण बताओ नोटिस जारी करवा दिया। प्रशासन को नोटिस देने की इतनी जल्दी थी कि दिन में जांच हुई और टात 10 बजे प्रशासनिक अमला गांव पहुंचा और परिवार को नींद से जगाकर नोटिस तामील कराया। इस मामले में कलेक्टर सोनिया मीणा से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *