मध्यप्रदेश: RPSF जवान साफ कर रहा था ऑटोमैटिक गन, गलती से चली गोली, चार ज़ख्मी , एक की हालत गंभीर

मध्यप्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर रविवार को गन की सफाई करते हुए बड़ा हादसा हो गया. आरपीएसएफ जवान के ऑटोमेटिक गन साफ करने के दौरान चली गोली लगने से चार जवान जख्मी हो गए. जवानों के जख्मी होने के बाद अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया. फिलहाल घायल जवानों को होशंगाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है.

संभवत : गन से चली गोली से निकले छर्रे से चार आरपीएसएफ के जवान घायल हुए जिसमें एक जवान को गंभीर स्थिति में होशंगाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है. वहीं 3 जवानों का इटारसी के रेलवे अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें भी होशंगाबाद के निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

उप पुलिस अधीक्षक रेल (इटारसी) अर्चना शर्मा ने बताया कि गन की सफाई के दौरान शाम करीब 4.30 बजे अचानक गोली चल जाने के कारण यह घटना हुई. गोली के छर्रे लगने से आरपीएसएफ के 4 जवान घायल हुए. वहीं नर्मदा  अस्पताल की ओर से जानकारी मिली है कि घायल जवानों में से टिंकू धर्मपाल की स्थिति गंभीर है, जबकि शेष तीन जगमोहन गुर्जर, सुमित कुमार और राजू की स्थिति ठीक है. उन्होंने बताया कि ये चारों अस्पताल में डॉ. वीरेन्द्र राजपूत, डॉ. रेणु शर्मा और डॉ. अनूप सक्सेना की देखरेख में हैं. अर्चना शर्मा ने बताया कि घायल जवानों के अनुसार ऑटोमेटिक बंदूक साफ करते वक्त अचानक गोली चल गई, जिससे छर्रे लगने से वे घायल हो गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *