मध्यप्रदेश। बाहर करो इसे, पागल हो गई है; महिला कार्यकर्ता पर भड़के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह – देखें VIDEO

ग्वालियर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने महिला कांग्रेस नेता को पागल कहते हुए होटल से बाहर करने के लिए कहा। इसका VIDEO सामने आया है। महिला कार्यकर्ता बुधवार को राघोगढ़ (गुना) से दिग्विजय सिंह से मुलाकात के लिए पहुंची। वे वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने लोकसभा चुनाव लड़ने की जिद करने लगीं।

VIDEO में दिग्विजय सिंह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, ‘बाहर करो इसे, पागल हो गई है।’ बाद में महिला नेता का भी बयान आया। उन्होंने कहा, ‘दिग्गी हमारे राजा हैं, राजनीति में यह सब होता रहता है।’

बैठक से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रहे थे दिग्विजय

ग्वालियर – चंबल में राहुल गांधी न्याय यात्रा पर आ रहे हैं। वे धौलपुर (राजस्थान) से होते हुए मुरैना पहुंचेंगे। यहां से बानमोर, ग्वालियर के घाटीगांव, मोहना होते हुए शिवपुरी जाएंगे। यहां रात्रि विश्राम करेंगे। दिग्विजय सिंह इस यात्रा की तैयारियों पर बैठक लेने के लिए भोपाल से मुरैना होते हुए आज (21 फरवरी) ग्वालियर पहुंचे।

ग्वालियर में बैठक से पहले होटल सेंट्रल पार्क के लोन में दिग्विजय सिंह पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे। इसी बीच डॉ. लीना शर्मा पहुंचीं। वे खुद को गुना जिला कांग्रेस की महामंत्री, राष्ट्रीय किसान कांग्रेस मंच की संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष बताकर मिलना चाह रही थीं। लेकिन, सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोक लिया। धक्कामुक्की भी की। दिग्विजय की नजर पड़ी तो उन्होंने महिला कार्यकर्ता को बाहर करने के लिए कहा।

दिग्विजय सिंह ने पागल कहते हुए महिला को बाहर करने के लिए कहा।

कार्यकर्ता बोलीं- कुछ लोगों ने मुझे हल्के में लिया

डॉ. लीना शर्मा ने कहा कि वह एक दिन पहले भी दिग्विजय से मिल चुकी हैं। एमबीए पास हैं। वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ना चाहती हैं। अभी तक किसी भी महिला नेता ने यह हिम्मत नहीं की है। उन्होंने इशारों में अपनी ही पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हल्के में ले लेते हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। दिग्विजय सिंह से कोई नाराजगी नहीं है। उनसे मुलाकात करने आई थी। उन्होंने जाने के लिए कहा तो फिर बाद में मुलाकात कर लूंगी। वे हमारे नेता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *