
भोपाल: मध्य प्रदेश में महिला सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) की हत्या के मामला का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, SDM की हत्या उसके पति ने की है. आरोपी कई महीनों से बेरोजगार था. वह इस बात से नाराज था कि उसकी एसडीएम पत्नी निशा नापित ने अपनी सर्विस बुक, बीमा और बैंक खाते में उन्हें नॉमिनी नहीं बनाया था. आरोपी ने न सिर्फ अपनी पत्नी की तकिए से मुंह दबाकर हत्या की, बल्कि हत्या के सबूत भी मिटाने की कोशिश की. आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है.
पुलिस के मुताबिक, डिंडौरी जिले के शहपुरा में पदस्थ महिला SDM निशा नापित की हत्या उसके पति मनीष शर्मा ने की. उसने तकिए से मुंह दबाकर पत्नी को मार डाला. सबूत को छिपाने के लिए पति ने घटना के बाद कपड़ों को वाशिंग मशीन में धो दिया था. पुलिस ने वॉशिंग मशीन से तकिए का कवर और बेडशीट बरामद कर लिया है. पुलिस को मिले सबूत के आधार पर पति मनीष शर्मा (45) के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
निशा नापित की बहन ने मनीष शर्मा पर जताया था शक
निशा नापित की बहन नीलिमा नापित ने मनीष शर्मा पर हत्या का आरोप लगाया था. नीलिमा ने दावा किया था कि मनीष शर्मा पैसों के लिए उसकी बहन को प्रताड़ित करता था. नीलिमा नापित ने बताया, “मनीष शर्मा पैसों के लिए मेरी बहन निशा को परेशान करता था. मेरी बहन को कोई बीमारी नहीं थी. मनीष ने कुछ गलत किया है. उसने घरेलू सहायिका को भी निशा के कमरे में नहीं घुसने दिया.” शक के आधार पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की और 24 घंटे के अंदर मामले का खुलासा किया.