![]()
मध्यप्रदेश सरकार में राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने एक कार्यक्रम के दौरान अजान की आवाज आने पर अपना भाषण रोक दिया। अजान खत्म होने पर उन्होंने कहा कि सब धर्मों का सम्मान करो। यही हमारी संस्कृति है।
इसका वीडियो भी सामने आया है। मंत्री मंच से ‘ला इलाहा इल्लल्लाह मुहम्मदुर रसूलुल्लाह’ कहते नजर आ रहे हैं। साथ ही इसका मतलब भी समझा रहे हैं। बाद में उन्होंने ये नसीहत भी दी है कि अगर हम मुस्लिम धर्म का सम्मान करते हैं, तो वो भी गौमाता, गंगा, सनातन धर्म के मान बिंदू का सम्मान करें।
कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और सारंगपुर विधायक गौतम टेटवाल का ये वीडियो रविवार का है, जो मंगलवार को सामने आया है। मंत्री राजगढ़ जिले की ग्राम पंचायत मऊ पहुंचे थे। यहां उन्होंने निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
मंत्री बोले- वसधैव कुटुंबकम हमारी संस्कृति मंत्री कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। शाम 7.15 बजे (ईशा) की अजान शुरू होने पर उन्होंने अपना भाषण बीच में रोक दिया। फिर मंच से ही कहा- उससे डरो, वह एक है। नेक काम करो। सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया। सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुःखभाग् भवेत्। संपूर्ण भूमि गोपाल की है। वसुधैव कुटुंबकम हमारी संस्कृति है।
मंत्री ने आगे कहा-
‘दुनिया में आए हो, तो सबका सम्मान करो। सब सुखी रहें, सब निरोगी रहें, सबका कल्याण हो। यह बात वह भी कह रहा है, और हम भी कह रहे हैं। ला इलाहा इल्लल्लाह मोहम्मद रसूलुल्लाह। क्या गलत कह रहा हूं? सनातन संस्कृति ऐसी है जिसमें सबका समावेश है।’
मंत्री गौतम टेटवाल राजगढ़ जिले के ग्राम पंचायत मऊ में रविवार शाम को आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
हमारी संस्कृति का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे
मंत्री गौतम टेटवाल ने बाद में कहा- गौ माता का सम्मान करें। गंगा जी का सम्मान करें। सनातन हिंदू समाज के स्वाभिमान के मान बिंदु हैं, उनका सम्मान करें। हमारी उपासना पद्धति का सम्मान करें।
मंत्री ने कहा- अगर हम मुस्लिम धर्म का सम्मान करते हैं। अजान का हमने इसलिए सम्मान किया, ठीक है, अजान हो रही है, तुम पांच टाइम नमाज पढ़ों, लेकिन उसका मतलब यह नहीं कि तुम हमारे मान बिंदु, हमारी संस्कृति के बिंदुओं को अपमानित करो। इसको हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम सब धर्म का सम्मान करते हैं।
मंत्री ने कहा- सबका ईश्वर एक है। सभी नदियां और नाले मिलकर समुद्र में विलीन हो जाते हैं, फिर भी उसमें पवित्रता होती है। इसी तरह ईश्वर एक है, इसी तरह सारे धर्म मिलकर सनातन धर्म में विलीन हो जाते हैं।
सभा को करते समय अजान होने पर भाषण रोक दिया था।
कांग्रेस बोली- इनकी कथनी और करनी में अंतर
राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंदर सिंह सोंधिया ने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है। आज संविधान दिवस है। हम सभी को संविधान का सम्मान करना चाहिए। सब धर्मों का सम्मान हो, संविधान हमें यही सिखाता है। मंत्री टेटवाल ने यदि अजान के समय अपना भाषण रोका है तो यह स्वागत योग्य है। सभी भाजपाइयों से यही कहूंगा कि वे सभी धर्माें का सम्मान करें।
अजान के समय तो उन्होंने भाषण रोक दिया। कुछ समय बाद ही वे गोधरा कांड पर बनी साबरमती फिल्म देखने गए। उसी दिन हमने उनका दूसरा रूप भी देख लिया, जब जुलूस के रूप में आक्रोशित नारे लगाते हुए 500 से ज्यादा भाजपाइयों के साथ वे फिल्म देखने निकले।
सोंधिया ने कहा- भाजपा की कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए। सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने लाउडस्पीकर पर रोक लगाई है। यह उनकी सस्ती लोक प्रियता हासिल करने का तरीका है। भाजपा कहती कुछ है, करती कुछ है। ये घोषणा तो कर देते हैं, जमीन पर कुछ होता नहीं है।
