आर्यन खान केस को लेकर NCB पर भड़के उद्धव ठाकरे कहा….

 

ड्रग्स मामले में मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में बंद बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान  पर क्रूज शिप ड्रग केस को लेकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो  का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. वहीं, गुरुवार को मुंबई सेशंस कोर्ट में आर्यन की जनामत पर सुनवाई हुई. जिसके बाद कोर्ट ने अपना फैसला 20 अक्टूबर तक के लिए सुरक्षित रख दिया था. आर्यन खान फिलहाल ऑर्थर रोड जेल में बंद है. इसके साथ ही अगली सुनवाई के लिए 20 अक्टूबर की तारीख तय हुई है. इस बीच मामले को लेकर महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे  का बयान आया है. उद्धव ठाकरे ने एनसीबी पर निशाना साधते हुए कहा है कि ऐसा लगता है कि पूरी दुनिया में केवल महाराष्‍ट्र में ही गांजा पकड़ा जाता है.

महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री ने कहा, मैं फिर से बता रहा हूं कि हमारी संस्‍कृति आंगन में तुलसी लगाने की है, लेकिन दुनिया को ऐसा दिखाने की कोशिश चल रही है कि अब यहां पर तुलसी की जगह गांजा लगाया जा रहा हो. ऐसा जान बूझकर करने की कोशिश की जा रही है. ऐसा नहीं है कि गांजा सिर्फ महाराष्ट्र में ही बरामद किया जा रहा है. सुना है मुंद्रा बंदरगाह पर करोड़ों का ड्रग्स मिला. आखिर कहां पर है ये मुंद्रा? गुजरात… सही है? ऐसा नहीं है कि हमारी पुलिस कुछ नहीं कर रही.

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आप यहां पर चिमटी भर गांजा सुंघने वालों को माफिया कहते हैं. किसी एक सेलिब्रिटी को पकड़कर उसके साथ फोटो खींचते हैं और ढोल बजाते हैं. हमारी पुलिस ने 150 करोड़ रुपये के ड्रग्स बरामद किए हैं. आप चिमटी भर गांजा सुंघते रहो. हमारी पुलिस अपना काम कर रही है.

बता दें कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने 3 अक्टूबर को एक क्रूज पर ड्रग पार्टी का भंडाफोड़ करते हुए 23 साल के आर्यन खान के साथ सात अन्य लोगों को हिरासम में लिया था. एनसीबी ने दावा किया है कि आर्यन खान ड्रग्‍स लेते हैं हालांकि उनके पास से जांच टीम को ड्रग्‍स बरामद नहीं हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *