
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं की सुरक्षा को घटाने का एलान किया है। जिन नेताओं की सुरक्षा घटाने का फैसला लिया गया है, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज ठाकरे, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल, प्रवीण दरेकर, प्रसाद लाड और दूसरे मुख्य विपक्षी नेताओं के नाम शामिल हैं। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस की सुरक्षा भी घटाई है।
पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस की सुरक्षा Z+ से घटाकर Y+ कर दी गई है। राज ठाकरे की भी सुरक्षा Z से Y+ कर दी गई है, साथ ही उनके काफिले से बुलेटप्रूफ गाड़ियों की भी हटा दिया गया है। अमृता फडणवीस की सुरक्षा Y+ से घटाकर X कर दी गई है।
इन भाजपा नेताओं को कोई सिक्योरिटी नहीं
कई भाजपा नेताओं की सुरक्षा में पूरी तरह से कटौती की गई है। सुधीर मुनगंटीवार, चंद्रकांत पाटिल, आशीष शेलार, नारायण राणे, राम कदम, राव साहेब दानवे सहित कई नेता शामिल है, जिनकी सिक्योरिटी पूरी तरह से हटा दी गई है।
इनकी बढ़ी सिक्योरिटी
सरकार ने वरिष्ठ सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की सुराक्षा को बढ़ाया है, अब उनकी सुरक्षा Y+ से Z कर दी गई है। कांग्रेस नेता व फ़िल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। Y से Y+ एस्कॉर्ट सुरक्षा मुहैया कराई गई है।