महाराष्ट्र: सीट नहीं मिलने से खफा व्यक्ति ने फैलाई फ्लाइट में बम होने की अफवाह, पुलिस ने किया गिरफ्तार

‘अलायंस एयर’ के नासिक से हैदराबाद  जाने वाले विमान में बम होने की अफवाह फैलाने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ने शनिवार को विमान के उड़ान भरने से कुछ ही देर पहले फोन करके पुलिस से कहा कि विमान में बम रखा है. यह बात बाद में अफवाह साबित हुई. इसके कारण विमान के परिचालन में देर हुई. पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. ऐसा आरोप है कि व्यक्ति को विमान में सीट नहीं मिली थी, इसलिए उसने यह फोन किया. विमान को शनिवार रात 8.25 बजे उड़ान भरनी थी।

पुलिस ने बताया, विमान उड़ने से करीब 20 मिनट पहले नासिक ग्रामीण पुलिस कंट्रोल रूम को फोन आया था कि विमान में बम रखा हुआ है। इसके बाद सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया। पुलिस और बम स्क्वायड मौके पर पहुंचे और विमान की जांच की। लेकिन कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद विमान ने रविवार तड़के उड़ान भरी।

पुलिस ने आंध्रप्रदेश में काकीनाडा के इंजीनियर पी विरेश वैंकट नारायण मूर्ति (33) को गिरफ्तार किया है, जिसने हैदराबाद जाने के लिए विमान का टिकट लिया था। वह जब हवाईअड्डे पहुंचा तो कर्मियों ने उससे दूसरा टिकट लेने को कहा क्योंकि उसकी टिकट की पीएनआर स्थिति अपडेट नहीं हुई थी।

आरोपी अपनी गर्भवती पत्नी से मिलने तत्काल घर जाना चाहता था, उसने विमानन कंपनी के कर्मियों से बहस की। अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति बाद में एयरपोर्ट से बाहर चला गया और पुलिस को बम होने की झूठी खबर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *