इंदौर में महिंद्रा शोरूम मालिक कांग्रेस नेता प्रवेश अग्रवाल की पेंट हाउस में आग में मौत, पत्नी और बेटियां घायल

इंदौर। शहर के देवास नाका क्षेत्र में गुरुवार सुबह चार बजे महिंद्रा शोरूम के ऊपर बने एक पेंट हाउस में आग लग गई। इस घटना में दम घुटने से उद्योगपति और कांग्रेस नेता प्रवेश अग्रवाल की मौत हो गई। पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। बेटियां सौम्या और मायरा भी प्रभावित हुई हैं।

बताया जाता है कि आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने प्रवेश को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। प्रवेश अग्रवाल ऑटोमोबाइल शोरूम के मालिक थे और जिले में उनके तीन से अधिक शोरूम हैं।

महिंद्रा शोरूम के ऊपर ही यह पेंट हाउस बना था। इस हादसे में प्रवेश की पत्नी रेखा अग्रवाल और बेटियां सौम्या और मायरा भी प्रभावित हुईं। तीनों को सांस लेने में परेशानी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि आग सबसे पहले किचन वाले हिस्से में लगी थी। आग शार्ट सर्किट या पटाखों की वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है। प्रवेश अग्रवाल ने नर्मदा सेना की स्थापना की थी।

घर के मंदिर में जल रहा था अखंड दीपक

टीआई तारेश सोनी के मुताबिक, अलसुबह उन्हें आगजनी की सूचना मिली। उन्होंने मौके पर एफआरवी को भेजा। प्रारंभिक जानकारी में पता चला कि ऊपर पेंटहाउस में मंदिर में अखंड दीपक जल रहे थे। वहीं, पास में ही एक स्टोर रूम भी था। आशंका है कि मंदिर से ही आग की शुरुआत हुई होगी। धुआं भरने से उनकी पत्नी और छोटी बेटी बाहर की तरफ आईं। उन्होंने गार्ड को ऊपर से आवाज दी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। धुएं से प्रवेश अग्रवाल और उनकी 15 वर्षीय बड़ी बेटी सौम्या को बाहर निकाला गया। प्रवेश बेसुध हालत में थे। उन्हें सीपीआर दिया गया और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *