अमेरिका में बड़ा हादसा, मालवाहक जहाज की टक्कर से गिरा ब्रिज, ब्रिज ढहने से नदी में गिरे वाहन, कई मौतों की आशंका – देखें VIDEO

बाल्टीमोर। अमेरिका के बाल्टीमोर हार्बर इलाके में बड़े हादसे की खबर है। यह हादसा मंगलवार सुबह हुआ। जानकारी के अनुसार मालवाहक जहाज बाल्टीमोर हार्बर को पार करने वाले पुल से टकरा गया। इस घटना के बाद पुल ढह गया। इस घटना में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। बाल्टीमोर तटरक्षक बल के अधिकारी मैथ्यू वेस्ट ने कहा कि मंगलवार की सुबह पुल के आंशिक ढहने की सूचना मिली थी। बाल्टीमोर के अग्निशमन विभाग ने भी पुल के ढहने की पुष्टि की। इसके बाद मैरीलैंड परिवहन प्राधिकरण ने पुल पर आवाजाही रोक दी है।

तटरक्षक बल, अग्निशमन विभाग समेत कई एजेंसियों का कहना है कि हादसे में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। यह भी बताया जा रहा है कि पुल ढहने के बाद कई कारें और लोग पानी समा गए। कई लोगों के लापता होने की भी खबर है। कुल मिलाकर यह हादसा एक बड़ी क्षति की ओर इशारा कर रहा है। बाल्टीमोर के अग्निशमन विभाग के निदेशक केविन कार्टराईट ने इस बात की पुष्टि की है कि लगभग सात लोग और कई वाहन नदी में समा गए।

तटरक्षक बल के अधिकारी ने बताया कि जहाज पर सिंगापुर का झंडा लगा था। मालवाहक जहाज का नाम डाली है और वह 948 फीट लंबा है। यह जहाज बाल्टीमोर से कोलंबो श्रीलंका के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान जहाज फ्रांसिस स्कॉट पुल से जा टकराया। यह पुल आम जनता केलिए 1977 में खोला गया था। इसका नाम अमेरिका के विख्यात लेखक फ्रांसिस स्कॉट के नाम पर रखा गया था। फ्रांसिस स्कॉट पुल की लंबाई 1.6 मील है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *