“ED का बड़ा एक्शन: अनिल अंबानी ग्रुप की ₹3,084 करोड़ की 40 से ज्यादा संपत्तियां कुर्क — मुंबई का पाली हिल बंगला, दिल्ली-नोएडा की प्रॉपर्टीज भी जब्त, 20,000 करोड़ के फंड हेराफेरी केस में जांच तेज”

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप (Anil Ambani Reliance Group) पर बड़ा एक्शन लिया है. इसके तहत समूह की तमाम संस्थाओं से जुड़ी करीब 3,084 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क की गई हैं.

अनिल अंबानी के रिलायंस समूह पर ईडी की बड़ी कार्रवाई

कुर्की के ये आदेश बीते 31 अक्टूबर 2025 को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 5 (1) के तहत जारी किए गए थे. जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है, उनमें मुंबई के बांद्रा वेस्ट, पाली हिल में स्थित उनका आवास भी शामिल है.

दिल्ली, मुंबई से नोएडा तक कार्रवाई

प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप से संबंधित जिन संपत्तियों को कुर्क किया गया है. उनमें मुंबई के पाली हिल स्थित आवास, नई दिल्ली स्थित रिलायंस सेंटर की संपत्ति और दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, मुंबई, पुणे, ठाणे, हैदराबाद, चेन्नई (कांचीपुरम समेत) और पूर्वी गोदावरी में स्थित कई अन्य इन संपत्तियों में कार्यालय परिसर, आवासीय इकाइयां और प्लॉट शामिल हैं. पीएमएलए के तहत जारी चार आदेशों के तहत इन सभी संपत्तियों की कुर्की की गई है. गौरतलब है कि मुंबई के बांद्रा वेस्ट के पाली हिल में स्थित अनिल अंबानी का आवास खासा लोकप्रिय है.

40 से ज्यादा संपत्तिया जब्त

रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप पर ये बड़ी कार्रवाई करते हुए, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) द्वारा जुटाए गए सार्वजनिक धन के कथित दुरुपयोग से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में 40 से ज्यादा संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त कर ली हैं.

ईडी ने लगाया है ये बड़ा आरोप

रिपोर्ट की मानें तो ईडी के इस बड़े एक्शन को लेकर Anil Ambani Reliance Group की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. ये कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय ने 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के बैंक फंड के कथित हेर-फेर के मामले की है. सूत्रों के हवाले से इसमें कहा गया है कि एजेंसी ने अपने कुर्की आदेशों में अनिल अंबानी समूह की संस्थाओं पर बैंक के धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है.

अगस्त में भी हुई थी छापेमारी

ईडी की जांच लंबे समय से चल रही है और इससे पहले 5 अगस्त को ED ने रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन और एमडी अनिल अंबानी को कथित लोन फ्रॉड केस की चल रही जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया था.

उससे भी पहले ईडी ने अनिल अंबानी से जुड़ी व्यावसायिक संस्थाओं पर छापेमारी की थी. ईडी ने Anil Ambani के रिलायंस ग्रुप से जुड़ी 50 व्यावसायिक संस्थाओं और 25 व्यक्तियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी. ये छापे 24 जुलाई को मुंबई में कम से कम 35 जगहों पर मारे गए थे.

लगातार कस रहा ईडी का शिकंजा

अनिल अंबानी के रिलायंस समह पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) बीते कुछ समय में लगातार अपना शिकंजा कसती हुई नजर आई है. बीते अक्टूबर महीने में ईडी ने रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप ऑफ कंपनीज के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) और कार्यकारी निदेशक अशोक कुमार पाल को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी फर्जी बैंक गारंटी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *