दिल्ली में गुरुवार तड़के एक बड़ी पुलिस कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसमें सिग्मा गैंग के चार मोस्ट वांटेड अपराधियों का खात्मा कर दिया गया. यह एनकाउंटर रोहिणी इलाके में उस समय हुआ जब दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंग के सदस्यों की मौजूदगी की सूचना पर छापेमारी की. आरोपी अपराधी काफी समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे और बिहार समेत दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय बताए जा रहे थे

चारों बदमाश ढेर
जानकारी के मुताबिक, 22 और 23 अक्टूबर की रात करीब 2:20 बजे बहादुर शाह मार्ग से डॉ. अंबेडकर चौक के बीच पुलिस और अपराधियों के बीच आमना-सामना हुआ. टीम ने जैसे ही संदिग्धों को घेरा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए पलटवार किया. दोनों ओर से चली गोलियों की तड़तड़ाहट काफी देर तक सुनाई दी, जिसके बाद चारों बदमाश ढेर हो गए.
बिहार के रहने वाले थे आरोपी
घायल बदमाशों को तुरंत डॉ. बीएसए हॉस्पिटल रोहिणी में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मारे गए अपराधियों में गैंग का सरगना रंजन पाठक शामिल है, जो बिहार के सीतामढ़ी के मलहई गांव का रहने वाला था. उसके साथ बिमलेश महतो, मनीष पाठक और दिल्ली निवासी अमन ठाकुर भी मारा गया है. बिमलेश और मनीष भी सीतामढ़ी जिले से ताल्लुक रखते हैं, जबकि अमन ठाकुर का पता करावल नगर, दिल्ली का है.