इंदौर में हथियार के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। परदेशीपुरा क्षेत्र के नंदानगर निवासी शुभम खटीक ने गंडासे के साथ रील बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की थी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर कार्रवाई शुरू की।
शुभम खटीक, आरोपी
पुलिस के अनुसार शुभम ने यह रील अपने घर की छत पर बनाई थी। मंगलवार देर रात पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
गंडासे के साथ ‘पुष्पा स्टाइल’ में बनाई रील
रील में शुभम खटीक गंडासे के साथ गाना गाते हुए ‘पुष्पा स्टाइल’ में हथियार घुमाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक की पहचान कर उसे पकड़ लिया।
तीन दिन पहले भी वायरल हुई थी हथियार वाली रील
तीन दिन पहले बाणगंगा क्षेत्र के तीन युवकों की भी इसी तरह की रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन वे इलाके में नहीं मिले। बताया गया कि वे बाहर से काम करने आए थे।
सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए बन रही रील
पुलिस के अनुसार शहर में सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए हथियारों के साथ रील बनाने का चलन बढ़ रहा है। कुछ बदमाश इस तरह के वीडियो बनाकर उन्हें तेजी से सोशल मीडिया पर प्रसारित करते हैं।
सलमान लाला, भयू सुरीला और द्वारकापुरी का बदमाश नारू उर्फ नारायण वर्मा जैसे बदमाश भी पहले इस तरह की रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालते रहे हैं। इन वीडियो के जरिए वे खासकर नाबालिगों पर रौब जमाने की कोशिश करते थे।
क्राइम ब्रांच लगातार कर रही कार्रवाई
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही है। हथियारों के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।