मुंबई के सायन रेलवे स्टेशन पर दिल दहलाने वाला मामला
मुंबई के सायन से दिल को दहला देने वाला एक मामला सामने आया है. सायन रेलवे स्टेशन पर पल भर के गुस्से की वजह से एक शख्स की जान चली गई. प्लेटफॉर्म पर खड़ा एक शख्स थप्पड़ खाने के बाद पटरी पर गिर गया और तभी लोकल ट्रेन (Mumabi Local Video) आ गई. हादसे का वीडियो इतना भयावह है कि हम आपको वह पूरा नहीं दिखा रहे हैं. दिल दहला देने वाला यह वाकया रविवार रात करीब 9 बजे के आसपास का है. घटना का दिल दहला देने वाला वीडियो CCTV में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जान गंवाने वाला युवक 26 साल का निदेश राठौड़ था.
मामूली बहस में चली गई जान
वीडियो में आप देख सकते हैं कि मामूली बहस के बाद दिनेश को एक शख्स थप्पड़ मारता है और वह प्लेटफॉर्म से नीचे पटरी पर गिर जाता है. जब वह उठने की कोशिश कर रहा होता है तभी वहां ट्रेन आ जाती है और पलक झपकते ही उसकी मौत हो गई. वायरल हो रहे CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि सफेद शर्ट और उसी रंग की पैंट पहने दिनेश प्लेटफॉर्म पर एक महिला शीतल माने से टकरा जाता है. इसके बाद गुस्से में महिला अपने छाते से दिनेश को बार-बार मारती नजर आती है. इसके तुरंत बाद महिला का पति अविनाश माने भी वहां पहुंचता है और दिनेश को थप्पड़ मार देता है, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक पर गिर गया.
थप्पड़ मारते ही पटरी पर गिर गया था दिनेश
जैसे ही ट्रेन नजदीक आई, आसपास खड़े यात्री दिनेश को बचाने के लिए प्लेटफॉर्म के किनारे की ओर भागते हैं. कुछ लोग ट्रेन को रोकने के लिए हाथ भी हिला रहे होते हैं, लेकिन दिनेश प्लेटफॉर्म पर नहीं चढ़ पाता और ट्रेन से कटकर उसकी मौत हो गई. वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया था. India Today की रिपोर्ट के मुताबिक, दिनेश राठौड़ बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के लिए काम करता था.
रेलवे पुलिस ने शुरुआत में घटना के संबंध में आकस्मिक मौत रिपोर्ट (ADR) दर्ज की थी. हालांकि, स्टेशन के CCTV फुटेज से पुष्टि हुई कि थप्पड़ मारे जाने के बाद दिनेश पटरी पर गिर गया. बाद में पुलिस ने जोड़े को गिरफ्तार कर लिया. दादर GRP ने जांच के बाद अविनाश माने और शीतल के खिलाफ IPC 304 और 34 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है.