
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप को जो बाइडेन ने करारी शिकस्त दी है। हालांकि, ट्रंप ने अभी तक अपनी हार को स्वीकार नहीं किया है। उन्होंने बाइडेन के जीत के दावे के पांच घंटे बाद ट्वीट कर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। ट्रंप ने यह भी कहा कि यह चुनाव मैं ही जीता हूं और मुझे 7 करोड़ 10 लाख वैध वोट मिले हैं। इस बीच डेली मेल ने ट्रंप की पत्नी मेलानिया के एक पूर्व सहयोगी के हवाले से दावा किया है वह चुनाव में हार के बाद ट्रंप का साथ छोड़ सकती हैं।
डेलीमेल की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डोनाल्ड ट्रंप की पूर्व राजनीतिक सहयोगी ओमारोसा मैनिगॉल्ट न्यूमैन ने दावा किया है कि ट्रंप और मेलानिया का 15 साल पुराना विवाह बंधन अब खत्म हो चुका है. उनका कहना है कि मेलानिया अब समय गिन रही हैं. उनका दावा है कि जैसे ही ट्रंप वाइट हाउस के बाहर आएंगे, मेलानिया उन्हें तलाक दे देंगी. मैनिगॉल्ट के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप से बदला लेने के लिए मेलानिया अब कोई रास्ता खोज रही हैं.
रिपोर्ट में यह भी जानकारी दी गई है कि मेलानिया ट्रंप की पूर्व सहयोगी स्टेफनी वोल्कॉफ ने दावा किया है कि मेलानिया शादी के बाद से समझौतों को लेकर ट्रंप से बातचीत कर रही हैं. उनकी ओर से बेटे बैरन के साथ-साथ ट्रंप की संपत्ति में बराबर की हिस्सेदारी की मांग की गई है. वोल्कॉफ का दावा है कि वाइट हाउस में ट्रंप और मेलानिया के बेडरूम भी अलग अलग हैं.
हालांकि मेलानिया ट्रंप पहले दिए अपने इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप से बेहतर रिश्ते की बात करती आई हैं. दोनों की शादी 22 जनवरी 2005 को हुई थी. मेलानिया डोनाल्ड ट्रंप की तीसरी पत्नी हैं.