मेलानिया ने दी ट्रंप को जो बाइडन से मिली हार स्वीकार करने की सलाह, दामाद जेरेड पहले ही कर चुके अनुरोध : रिपोर्ट

अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आ चुके हैं और इसी के साथ ये भी स्पष्ट हो गया है कि डेमोक्रेट पार्टी के जो बाइडेन देश के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण करेंगे. लेकिन नतीजों से नाखुश ट्रंप अपनी हार को स्वीकारने के लिए तैयार ही नहीं हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप  ने भी उनसे चुनाव में हार स्वीकार करने की सलाह दी है. दामाद जेरेड कुशनर (Jared Kushner) औऱ अन्य करीबी पहले ही ट्रंप से हार मान लेने की गुहार लगा चुके हैं. राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार जो बाइडेन ने 270 से ज्यादा निर्वाचक वोट के साथ बहुमत हासिल किया है. हालांकि ट्रंप ने अभी नरमी के कोई संकेत नहीं दिए हैं. ट्रंप ने आखिरी बयान में कहा था, जो बाइडेन गलत तरीके से खुद को विजेता के तौर पर पेश कर रहे हैं और दौड़ अभी खत्म नहीं हुई है.

सीएनएन ने सूत्रों के आधार पर कहा कि मेलानिया ने खुले तौर पर चुनाव को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. लेकिन उन्होंने निजी तौर पर अपनी राय ट्रंप  के समक्ष रखी है. सूत्रों का कहना है कि फर्स्ट लेडी मेलानिया ने अपनी राय व्यक्त की है, जैसा कि वह करती रही हैं. मेलानिया ने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान अपने पति के लिए प्रचार भी किया था. ट्रंप के दामाद और उनके वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर पहले ही उनसे चुनाव नतीजे को स्वीकार करने का अनुरोध कर चुके हैं.

 

ट्रंप का आरोप है कि एक नेटवर्क डेमोक्रेट की मदद कर रहा है. उन्होंने कोर्ट में नतीजों को चुनौती देने की बात भी कही है. बाइडेन और ट्रंप के बीच राष्ट्रपति चुनाव में कांटे की टक्कर थी, लेकिन पेनसिल्वेनिया में जीत के साथ बाइडेन ने 270 के बहुमत से कहीं ज्यादा वोट जुटा लिए. बाइडेन तीसरे प्रयास में राष्ट्रपति पद तक पहुंचे हैं. 78 साल के बाइडेन अमेरिका के सबसे उम्रदराज राष्ट्रपति चुने गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *