“इंदौर में बोले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय: ‘बिना संस्कार के बच्चे बनते हैं सोनम’, लव जिहाद को बताया गहरी साजिश, टीवी-मोबाइल से बच्चों की सोच पर पड़ रहा असर”- देखे वीडियो

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर सोनम का जिक्र करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि अगर उसे सही संस्कार मिले होते, तो आज उसके माता-पिता को समाज में मुंह नहीं छिपाना पड़ता।

इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में ओपन जिम-झूलों का लोकार्पण किया।

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय रविवार को इंदौर विधानसभा क्रमांक-1 क्षेत्र में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने सोनम के माता-पिता पर कहा- उनकी सिर्फ यही गलती थी कि उन्होंने बेटी को सही मार्गदर्शन नहीं दिया।

लव जिहाद को बताया एक गहरी साजिश मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लव जिहाद को लेकर चिंता भी जताई। उन्होंने मंच से कहा- समाज में लव जिहाद के नाम पर एक गंभीर साजिश चल रही है। कुछ युवक हिंदू नाम रखकर लड़कियों को प्रेमजाल में फंसा रहे हैं। उनका जीवन बर्बाद कर रहे हैं। बेटियों को सतर्क करना जरूरी है।

विजयवर्गीय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि माताएं और बहनें अपनी बेटियों को अच्छे संस्कार दें। उन्हें समझाएं कि किसी से भी दोस्ती करने से पहले उसके परिवार की जानकारी जरूर लें। संस्कार ही बच्चों को सही और गलत में फर्क करना सिखाते हैं।

गार्डन में ओपन जिम की व्यवस्था की गई। मंत्री ने मशीन पर हाथ भी आजमाए।

दोहे सुनाने पर ही मां दूध-खाना देती थीं विजयवर्गीय ने कहा कि उनके बचपन में रामचरित मानस के दोहे सुनाने पर ही मां दूध और खाना देती थीं। रात में अर्थ सहित उसका पाठ अनिवार्य था, जिससे श्रीराम जैसे आदर्श जीवन में उतरते थे। उन्होंने कहा कि आज के टीवी सीरियल बच्चों के दिमाग में गड़बड़ी फैला रहे हैं। उन्हें पार्क में भेजिए, जहां वो व्यायाम करें, अच्छे दोस्त बनाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि आजकल बच्चों का सबसे करीबी दोस्त मोबाइल बन गया है, जो उनकी सेहत और सोच दोनों पर असर डाल रहा है।

फास्टफूड से बच्चों की सेहत बिगड़ रही स्वास्थ्य को लेकर उन्होंने कहा कि पहले 100 में से 5 बच्चों को चश्मा लगता था, आज 100 में से 30 को लग रहा है। फास्टफूड, स्क्रीन टाइम और व्यायाम की कमी इसकी वजह हैं। माताओं से मेरी अपील है कि बच्चों को घर का पौष्टिक खाना खिलाएं। मैदा के फास्टफूड पेट के लिए जहर हैं, और आपका पेट कोई डस्टबिन नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने वार्ड-4 में 6.27 करोड़ रुपए की लागत के 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना ईश्वर की सेवा के बराबर है। जब हम जनसेवा करते हैं, तो परमात्मा की पूजा का फल मिलता है।

आयोजन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय शामिल हुए।

हर समस्या का तत्काल निराकरण जरूरी मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य समस्या-शून्य विधानसभा बनाना है। छोटे-छोटे मुद्दों का भी त्वरित समाधान हो, इसके लिए जनप्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी वार्डों में जनसुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

सुविधाओं की जानकारी के लिए दो एप तैयार पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने जानकारी दी कि क्षेत्र में दो मोबाइल एप विकसित किए जा रहे हैं। एक एप से नागरिकों को नजदीकी स्कूल, अस्पताल, आंगनवाड़ी आदि की जानकारी मिलेगी। दूसरे एप में यह देखा जा सकेगा कि क्षेत्र में कौन-कौन से विकास कार्य हुए हैं और किन स्थानों पर कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में ओपन जिम, झूले और चकरी जैसे सुविधाएं हर बगीचे में दी जा रही हैं। साथ ही, नर्मदा जल आपूर्ति सुनिश्चित करने, संजीवनी क्लिनिक शुरू करने और हर किलोमीटर पर उत्कृष्ट सरकारी स्कूल की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।

आयोजन में सफाई मित्रों का सम्मान किया गया।

सफाई मित्रों का सम्मान और पौधारोपण किया कार्यक्रम में सफाई मित्रों का पुष्पवर्षा कर सम्मान किया गया और उपहार स्वरूप उन्हें साडियां भेंट की गईं। ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत उद्यान में पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, भाजपा पार्षद, मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद थे।

मंत्री विजयवर्गीय बोले-बिना संस्कार के बच्चे सोनम बन जाते हैं

इंदौर में ही करीब एक महीने पहले एक कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि बच्चों को पढ़ाना-लिखाना अच्छी बात है, पर संस्कार देना जरूरी है। बिना संस्कार के बच्चे सोनम बन जाते हैं। सोनम के घटनाक्रम ने हमारे इंदौर को कलंकित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *