
प्रधानमंत्री बतौर लगातार दसवां जन्मदिन मनाएंगे मोदी…
नरेंद्र मोदी देश के चौथे ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो अपना दसवां जन्मदिन प्रधानमंत्री के पद पर लगातार रहते हुए मना रहे हैं। इससे पहले जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह लगातार दस जन्मदिन प्रधानमंत्री रहते हुए मनाने की उपलब्धियां अपने नाम दर्ज कर चुके हैं। तो नरेंद्र मोदी पहले ऐसे गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है। आजाद भारत में जन्मे देश के यह पहले प्रधानमंत्री 17 सितंबर 2023 को 73 साल की उम्र पूरी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश को जो दिशा दी है, उसकी उपेक्षा कभी नहीं की जा सकती। भले ही विभिन्न उपलब्धियों और असफलताओं को लेकर मत-मतांतर बने रहें। पक्ष-विपक्ष की नूराकुश्ती चलती रहे।
मोदी के कार्यकाल में इस देश को राममंदिर मिलने जा रहा है। इसे उपलब्धि जो माने सो माने, जो न माने सो न माने। मोदी के कार्यकाल में अंतरिक्ष में चंद्रमा फतह करने के बाद अब सूरज फतह करने की तैयारी है। यूपीए को आईएनडीआईए (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) तक पहुंचा दिया। और इंडिया की जगह देश को पूरी तरह से भारत करने की तैयारी है। जी-20 की अध्यक्षता का गौरव भारत को हासिल हुआ है। तो भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य बनाने की लड़ाई जारी है। विश्व को योग दिवस दिया है और विश्वगुरू का वैभव लौटाने की तैयारी है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दिया और अब पीओके वापस लेने की तैयारी है। नोटबंदी, जीएसटी, तीन तलाक कानून, डिजिटल भारत, पारदर्शिता और बेदाग केंद्र सरकार जैसे बहुत सारे शब्द मोदी सरकार के साथ जोड़े जाते हैं। और सबसे अहम कहा जाता है कि दुनिया में भारत की धाक बढ़ी है। और मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। पड़ोसी पाकिस्तान को सही सबक मोदी ने सिखाया है। चीन को भी आइना दिखाने का काम हो रहा है। उत्तर पूर्व में भी चीन को सीमा विवाद में दो-दो हाथ के लिए भारत तैयार है। रूस और अमेरिका के बीच भारत के दबदबे को बराबरी से कायम रखने का हुनर मोदी ने दिखाया है। और बाकी उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त भाजपा नेताओं के पास है, जो समय-समय पर संसाधन से लेकर सबका साथ सबका विकास तक बहुत कुछ बिना थके बताते भी हैं।
तो अब मोदी सरकार एक विशेष सत्र बुला रही है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने विशेष सत्र के एजेंडे का खुलासा न करने पर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा और चर्चा के लिए मणिपुर में हिंसा सहित नौ मुद्दों को उठाया। सोनिया गांधी द्वारा सूचीबद्ध मुद्दों में केंद्र-राज्य संबंध, सांप्रदायिक तनाव के मामलों में वृद्धि और चीन द्वारा सीमा उल्लंघन शामिल हैं। “मुझे यह बताना होगा कि यह विशेष सत्र अन्य राजनीतिक दलों के साथ किसी भी परामर्श के बिना बुलाया गया है। हममें से किसी को भी इसके एजेंडे का अंदाज़ा नहीं है। हमें बस इतना बताया गया है कि सभी पांच दिन सरकारी कामकाज के लिए आवंटित किए गए हैं, ”गांधी ने अपने पत्र में लिखा है। यह संसद का विशेष सत्र 18 से 22 सितंबर तक चलेगा। वैसे विपक्ष द्वारा मोदी सरकार की आलोचना में नफरत-मौहब्बत, अडानी-अंबानी, अलग-अलग मोर्चों पर सरकार की विफलता के मुद्दे शामिल रहते हैं।
पर नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी उपलब्धि यही है कि वह प्रधानमंत्री के रूप में लगातार दसवां जन्मदिन मना रहे हैं। एक गैर कांग्रेसी और बहुमत वाली भाजपा सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार अपना दसवां जन्मदिन मना रहे हैं। और इससे भी बड़ी उपलब्धि यह है कि यूपीए जब इंडिया बनकर मोदी को सत्ता से बाहर करने की योजना बना रहा है, तब मोदी देश के नाम से इंडिया शब्द को बेदखल करने की तैयारी कर चुके हैं और भारत अब भी उनके नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनने की ज्यादा संभावना जता रहा है…।

कौशल किशोर चतुर्थी
कौशल किशोर चौधरी मध्य प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पिछले ढाई दशक से सक्रिय हैं। दो कहानियाँ “सबसे बड़ा अचीवर युवराज” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। स्तंभकार के द्वारा अपनी विशेष पहचान बनाई गई है।
वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलाइन स्टार” के कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन इंडिया न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्याह्न यात्री, ईटीवी मध्य-छत्तीसगढ़ में छात्र रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनीतिक एवं सरकारी साप्ताहिक समाचार पत्र, भास्कर में दैनिक समाचार पत्र में पत्रकार, लोकमत समाचार में ब्यूरो ब्यूरो प्रमुखों की देनदारी का दायरा बना हुआ है। नई दुनिया, नवभारत, चौथी दुनिया समेत अन्य पत्र-पत्रिकाओं के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर काम कर चुके हैं।