
पंजाब के मोहाली जिले में एक मेले में रविवार रात को बड़ा हादसा हो गया। यहां के फेज-आठ के दशहरा मैदान में लगे मेले में रविवार रात ड्रॉप टावर झूला 50 फुट की ऊंचाई से अचानक नीचे गिर पड़ा।हादसे में बच्चों सहित कई लोग घायल हुए हैं।घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें झूले को घूमते और फिर धीरे धीरे ऊपर जाते देखा जा सकता है. यह ऊंचाई पर रुक जाता है और घूमता रहता है, लेकिन फिर धीरे-धीरे नीचे आने के बजाय झूला अचानक से काफी तेजी से नीचे आता है. घटना रविवार रात करीब 9ः15 बजे मोहाली के फेज-8 की है.काफी ऊंचाई से गिरने के प्रभाव के कारण कई लोग अपनी कुर्सियों से हवा में उछलते देखे गए और बहुत तेज आवाज सुनाई दी. इसके चलते दहशत फैल गई.
इस घटना में करीब 10-15 लोग घायल हो गए, जिन्हें मोहाली के सिविल अस्पताल ले जाया गया.एक पुलिस अधिकारी ने आरोप लगाया कि लोगों ने घायलों की मदद करने के बजाय अधिकारियों पर देर से पहुंचने का आरोप लगाया. अधिकारी ने कहा कि मेले में कोई एम्बुलेंस नहीं थी और आयोजकों की ओर से लापरवाही हुई.पुलिस ने कहा कि अभी तक हादसे का कारण पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है.