मोहन, हेमंत, जीतू, उमंग की बात अपनी जगह… उम्मीद यही कि खुशियाँ लाए संत की जयंती पर पेश हुआ बजट… कौशल किशोर चतुर्वेदी

मोहन, हेमंत, जीतू, उमंग की बात अपनी जगह… उम्मीद यही कि खुशियाँ लाए संत की जयंती पर पेश हुआ बजट…
यह एक संयोग ही है कि संत रविदास की जयंती पर और माघ पूर्णिमा के अवसर पर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार का बजट पेश हुआ है। बजट में क्या है और क्या नहीं है, इसका आकलन पक्ष और विपक्ष के नजरिए से होता रहा है और होता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं तो उनके नजरिए का बजट बनेगा और सत्तापक्ष उसकी तारीफ करेगा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष को यह बजट रास नहीं आएगा, यह राजनैतिक धर्म भी है और नजरिए का अंतर भी है। और यही स्थितियाँ राज्यों में भी नजर आएंगी जहां केंद्र में बैठी सरकार
समर्थक राजनैतिक दल बजट की तारीफ करेगा और विपक्षी राजनैतिक दल विरोध करेगा। तो मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा बजट की तारीफ
किया जाना स्वाभाविक है, वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का विरोध भी राजनैतिक धर्म ही है। इन सब की बात अपनी जगह है लेकिन भारत के सभी आम नागरिकों की उम्मीद यही है कि संत रविदास की जयंती पर पेश हुआ केंद्र सरकार का बजट देश में खुशियां लाए और दुनिया में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थान दिलाए।
मध्य प्रदेश के राजनेताओं के बजट पर नजरिए पर भी एक नजर डाल लेते हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुताबिक प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया केंद्रीय बजट विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह बजट सबका साथ, सबका विकास की भावना के अनुरूप है। यह बजट आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने के साथ सभी की उम्मीदों को पूरा करने वाला है। बजट में वस्त्र उद्योग क्षेत्र में रिफार्म के प्रावधानों से मध्यप्रदेश के कपड़ा उद्योग को बहुत फायदा मिलेगा। बजट में राज्यों के लिए एक लाख 40 हजार करोड़ के अनुदान का प्रावधान मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों के विकास में बड़ा सहायक होगा। यह बजट भारत की अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर और उच्च स्थान पर पहुंचाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पेश किया गया यह केंद्रीय बजट जनता के विश्वास पर आधारित विकास का बजट है। यह बजट प्रधानमंत्री की चार जातियों सहित हर वर्ग की आकांक्षाओं को पंख देने वाला है। यह केन्द्रीय बजट राष्ट्र निर्माण, विकसित भारत और आर्थिक आत्मनिर्भरता की परिकल्पना को साकार करेगा। केंद्रीय बजट विकसित भारत की मजबूत नींव रखने के साथ प्रदेश और देश में अहम योगदान देगा। यह ईमानदार करदाताओं को राहत, मध्यम वर्ग को सम्मान के साथ जनता के विश्वास व विकास का बजट है। यह बजट आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश और देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। बजट में करदाताओं को राहत देने के साथ गरीब, युवा, महिला और किसानों को कई सौगातें मिली हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि ठोस नीतियों और दूरदर्शी निर्णयों के माध्यम से धरातल पर उतरता हुआ राष्ट्र निर्माण का अभियान है।
वहीं मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केंद्रीय बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट किसानों, युवाओं, मजदूरों और मध्यम वर्ग की उम्मीदों को पूरी तरह नजरअंदाज करता है। यह बजट जनकल्याण का नहीं, बल्कि सिर्फ़ भाषणों और खोखले वादों का दस्तावेज़ बनकर रह गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि, यह बजट देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति से आंख मूंदने वाला और केवल आंकड़ों की बाजीगरी पर आधारित बजट है। लगभग डेढ़ घंटे के बजट भाषण में वित्त मंत्री ने गिरते रुपये, विदेशी निवेश के लगातार बाहर जाने, निजी निवेश की कमी और आर्थिक मंदी जैसे गंभीर विषयों पर एक शब्द भी नहीं कहा। पटवारी ने कहा कि यह बजट कटौती के सहारे गढ़ा गया बजट है, जिसके आंकड़े स्वयं यह साबित करते हैं कि देश की अर्थव्यवस्था गहरी मंदी की ओर बढ़ रही है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 में सरकार ने अपने ही बजटीय अनुमानों में भारी कटौती कर दी है।
तो संत रविदास जी की जयंती हर वर्ष माघ पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है। पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में पूर्णिमा तिथि 1 फरवरी, रविवार को सुबह 5 बजकर 52 मिनट से शुरू होकर 2 फरवरी, सोमवार को सुबह 3 बजकर 38 मिनट तक रहेगी। और मध्य प्रदेश और पूरे देश में संत रविदास की जयंती पूरी आस्था और खुशियों के साथ मनाई गई। और संयोग से एक फरवरी को ही बजट पेश किया गया। तो बजट पर प्रतिक्रिया को लेकर डॉ. मोहन यादव, हेमंत खंडेलवाल, उमंग सिंघार और जीतू पटवारी सहित राजनैतिक दलों का नजरिया अपनी जगह है लेकिन प्रदेश और पूरे देश के आम नागरिकों का नजरिया यही है कि संत रविदास की जयंती माघ पूर्णिमा पर पेश हुआ बजट राष्ट्र को पूर्णता की ओर ले जाए और पूरे देश में खुशियां लाए। साथ ही भारत को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाए…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *