कुंभ से वायरल हुई मोनालिसा भोंसले ने केरल में बॉयफ्रेंड फरमान से की शादी, परिवार में मातम— मां बोलीं “मेरी बेटी वापस दिलवा दो”, बुआ ने कहा “वो खुशियां मना रही, हम मातम”, सनोज मिश्रा पहुंचे घर; बहन का दावा— 5 दिन से चूल्हा नहीं जला

यह कहते हुए मोनालिसा की मां लता भोंसले छाती पीट-पीटकर रोने लगती है। मोनालिसा भोंसले प्रयागराज कुंभ 2025 से चर्चा में आई थी। अब अपने बॉयफ्रेंड फरमान से केरल में शादी करने के बाद एक बार फिर सुर्खियों में है।

कुंभ से वायरल हुई मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान के साथ शादी कर ली है। इससे परिजन नाराज हैं।

रविवार को ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा खरगोन जिले के महेश्वर स्थित मोनालिसा के घर पहुंचे। परिवारवालों से मिले। परिजन को ढांढस बंधाया। फरमान और उसके साथियों पर लव जिहाद का आरोप लगाया।

तिरुवनंतपुरम में पिछले हफ्ते मोनालिसा और फरमान ने शादी कर ली।

मां बोली- मेरी बेटी वापस दिलवा दो

महेश्वर जेल के पास बने हैलीपेड से लगी बंजारों की बस्ती में एक भी पक्का मकान नहीं है। हर मकान के ऊपर पन्नी और तिरपाल डले हैं। इनमें सबसे पहला टपरा मोनालिसा का ही है। घर के सामने पोलका और कुर्ती पहने एक महिला जमीन पर बेसुध सी बैठी बार-बार छाती पीट रही हैं। भास्कर रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि क्या हुआ?

वे कहती हैं- ऐ बाबू तुम्हारे पांव पड़ूं, मेरी बेटी वापस दिलवा दो। इतना कहते हुए वे जमीन पर झुकीं, तो हम पीछे हट गए। समझ गए कि ये मोनालिसा की मां लता भोंसले हैं। ठेठ बंजारों जैसा बात करने का तरीका और रहन-सहन में सादगी।

रोते-रोते आंखें सूख सी गई हैं। बार-बार एक ही बात कह रही हैं- मर जाऊंगी, जहर खा लूंगी। मोनालिसा तो चली गई, मेरे तीन बच्चों को कौन पालेगा? उससे छोटी जेसिका, अजय और आशीष को कौन देखेगा

रविवार को फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा मोनालिसा के घर पहुंचे थे।

वीडियो देखकर शादी के बारे में पता चला

लता ने कहा- मेरी बेटी मुझे दिला दो बाबू…बस और कुछ नहीं चाहिए। उसके पास दो मोबाइल थे। पहले उससे बात हो जाती थी, लेकिन चार-पांच दिन से कोई बातचीत नहीं हुई। उससे अगर एक बार भी फोन पर बात हो जाती, तो तसल्ली हो जाती। हमें उसकी शादी के बारे में नहीं पता। जब वीडियो मोबाइल पर कहीं से आया, तो पता चला। वो एक्टिंग के लिए केरल गई थी।

हम लोग तो पढ़े-लिखे हैं नहीं, सोचते थे कि बेटी बड़ी हो गई है। समझदार है, कोई गलत काम तो करेगी नहीं। फिल्म के लिए जा रही थी, तो मना नहीं किया। वो यहां से अपने पिता के साथ गई थी लेकिन उसने वहां पहुंचते ही धोखा दे दिया।

बुआ के लड़के से शादी कराने की बात झूठ

लता भोंसले से पूछा कि मोनालिसा कह रही है कि आप लोग उसकी शादी बुआ के लड़के से करा रहे थे? इस पर वे कहती हैं- वो झूठ बोल रही है। हम हिंदू हैं, हमारे यहां ऐसा नहीं होता। वो अपने मन से कुछ बोल ही नहीं रही। जिस आदमी से उसने शादी की है, वो उसे सिखा रहा है। वो जो कहता है, वही मोनालिसा कह देती है। उसे इतनी तो समझ ही नहीं है।

लता कहती हैं- वो 16 साल की ही तो है। अभी शादी की उम्र भी नहीं हुई है। उसे तो खाना बनाना भी नहीं आता। हमें नहीं पता आधार कार्ड में उन लोगों ने उसकी उम्र कैसे बढ़वा दी? वो हमको धोखा देकर गई है।

उन लोगों ने उसे अपने वश में कर लिया है। कुछ ऐसा खिला-पिला दिया है, जिससे उसे होश नहीं है। कोई मुझे उससे एक बार मिलवा दे, मेरी छाती को तसल्ली हो जाएगी।

हमसे बात करते-करते एक बार फिर लता बेसुध सी हो गईं। फिर से बार-बार बड़बड़ाने लगीं- ऐ बाबू पांव पड़ूं, मेरी छोरी मुझे दिला दो।

मोनालिसा के घर के बाहर महिलाएं बैठी रहती हैं।

घर में पांच दिन से नहीं बना खाना

मोनालिसा की मां लता भोंसले से बात कर हम उनके टपरे के अंदर पहुंचे। यहां मोनालिसा की चचेरी बहन रूपरेखा सामान समेट रही हैं। पूछा कि क्या वो यहीं रहती थी? इस पर रूपरेखा कहती हैं- इसी टपरे में वो बचपन से लेकर अब तक रही। ये अलमारी, कूलर, बक्सा, पलंग उसी का है। उसने टेबल पर मंदिर भी बना रखा है। रोज सुबह-शाम पूजा करती थी।

रूपरेखा कहती हैं कि दीदी से पहले बात होती थी। चार-पांच दिन से उनका मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा है। मैं तो उन्हीं के साथ रहकर बड़ी हुई हूं। कुछ समझ नहीं आ रहा। उनकी मम्मी का तो रो-रोकर बुरा हाल है। जिस दिन से शादी की खबर आई है, यहां खाना ही नहीं बना है। हमारे यहां जो भी लोग आ रहे हैं, उनसे हम ये ही कह रहे हैं कि बस हमारी दीदी हमें दिला दो।

मोनालिसा अपने परिवार के साथ इसी टपरे में रहती थी।

मातम मना रहे, डेरा श्मशान जैसा हो गया

घर के बाहर चिलचिलाती धूप में बैठी मोनालिसा की बुआ रेखा पंवार गुस्से में हैं। कहती हैं- वो खुशियां और हम यहां मातम मना रहे हैं। उसके इस काम से डेरा श्मशान की तरह हो गया है। जब से उसका वीडियो वायरल हुआ, उसे हीरोइन बनने की सनक लगी।

मुसलमान से शादी करके तो हमारी जिंदगी ही बर्बाद कर दी। उस पर जादू-टोना किया गया है। झाड़-फूंक के साथ कुछ खिलाया गया है। वो होशो-हवास में मुसलमान से शादी नहीं कर सकती। वो क्या ऐसा तो हमारे डेरे की कोई लड़की नहीं कर सकती।

कहती थी- डेरे के बच्चों को पढ़ाएगी रेखा कहती हैं- बड़ी मेहनत और मुश्किल के बीच अपने बच्चों को पालते हैं। बड़े-बड़े तीर्थों से रुद्राक्ष लेकर आते हैं। उनकी माला बनाकर तीर्थों पर ही जाकर बेचते हैं। बहुत बड़े सपने थे उसके। कहती थी स्कूल बनाएगी और डेरे के बच्चों को पढ़ाएगी। पक्के मकान बनवाएगी, लेकिन उसने कुछ करने से पहले ये कर लिया।

वो तो ट्रेनिंग का कहकर गई थी। कहती थी- बड़ी कलाकार बनूंगी, दुनिया में हमारा नाम रोशन होगा। बीच रोड पर पिता को छोड़ दिया। उस लड़के ने उसे ट्रेनिंग के लिए बुलाया था। दो घंटे में कोर्ट मैरिज कर ली। हमारे डेरे की बेटी ऐसी नहीं हो सकती। हम लोग उसके इस काम के खिलाफ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *