Corona In Russia: रूस में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामले, मॉस्को में 11 दिन का लॉकडाउन

 

रूस में कोरोना की दूसरी लहर पूरी तरह थमी भी नहीं थी कि एक बार फिर से संक्रमण ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। रूस में कोरोना फिर से कहर बनकर टूट रहा है। बीते 24 घंटे में 40 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं।  जो महामारी  की शुरुआत के बाद से सबसे अधिक संख्या है। वहीं, 1159 लोगों की जान चली गई है। पिछले हफ्ते से कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।  कोरोना पर नियंत्रण पाने लिए पुतिन सरकार ने राजधानी मॉस्को में 11 दिन का लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। सभी गैर जरूरी सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.

यूरोप में इस समय सबसे अधिक नए केस रूस में ही आ रहे हैं. रूस ने भले ही सबसे पहले स्पूतनिक वी और अन्य टीके बना लिए, लेकिन यहां टीकाकरण की दर काफी कम है. हाल के सप्ताह में जिस तेजी से यहां संक्रमण फैल रहा है वह महामारी की शुरुआत के बाद से सर्वाधिक है.

सरकार ने दूसरे देशों की तरह सख्त लॉकडाउन का ऐलान तो नहीं किया है, लेकिन मॉस्कों में गुरुवार से 7 नवंबर तक सभी गैर-जरूरी सेवाओं पर रोक लगा दी गई है. रिटेल दुकानें, रेस्ट्रॉन्ट के साथ ही खेल और मनोरंजन के स्थानों को बंद कर दिया गया है. स्कूलों पर भी ताले लटक गए हैं. खाने-पीने की चीजों की दुकानों के साथ दवा और जरूरी सेवाओं से जुड़ी दुकानों को खोलने की इजाजत दी गई है.

वहीं, जर्मनी-ब्रिटेन समेत पूरे पश्चिमी यूरोप में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं. पश्चिमी यरोप में सर्वाधिक कोरोना के मामले ब्रिटेन में दर्ज किए जा रहे हैं और कोविड मरीजों की मौत में इजाफा दर्ज किया गया है. इसलिए ब्रिटेन में प्रतिबंधों को दोबारा लगाए जाने की मांग होने लगी है, ताकि लॉकडाउन से बचा जा सके.

जर्मनी में भी संक्रमण ने पिछले पांच महीनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जर्मनी में प्रति एक लाख लोगों पर कोरोना के 100 नए मामले दर्ज किया गए जो मई के बाद से सर्वाधिक है. कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित देशों में बेल्जियम और आयरलैंड भी शामिल हैं. ईसीडीसी के मुताबिक बेल्जियम में 10 हजार लोगों पर 325.76 संक्रमित मिले हैं, जबकि आयरलैंड में यह आंकड़ा 432.84 फीसदी है. बेल्जियम के स्वास्थ्य मंत्री फ्रैंक वांडरब्रुक ने भी माना है कि उनका देश कोरोना की चौथी लहर का सामना कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *