एमपी। भारत-पाक तनाव के बीच जबलपुर में संदिग्ध युवक गिरफ्तार, पूछताछ में किए चौंकाने वाले खुलासे; खुफिया एजेंसियां अलर्ट

युवक से पूछताछ जारी है।

भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव के बाद देशभर में सुरक्षा अलर्ट जारी है। इसी बीच मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट से सटे सैन्य क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पूछताछ के दौरान जब युवक ने अपना नाम और पता बताया, तो मामला और भी चौंकाने वाला हो गया। पुलिस की गिरफ्त में आए युवक ने खुद को बांग्लादेशी रोहिंग्या बताया। युवक द्वारा किए जा रहे लगातार खुलासों को देखते हुए एलआईबी और खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

जैसे ही सूचना मिली, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खमरिया थाने पहुंच गए और संदिग्ध युवक से पूछताछ शुरू की। युवक की भाषा बंगाली होने के कारण पुलिस को बयान लेने में दिक्कत आ रही थी, जिसके चलते एक ट्रांसलेटर को बुलाया गया।

मंगलवार शाम को एयरपोर्ट क्षेत्र से लगे सैन्य क्षेत्र के पास 23 वर्षीय एक युवक को घूमते देखा गया। खमरिया थाना पुलिस को इसकी सूचना मिली और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। युवक टी-शर्ट और हाफ पैंट में था और पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

जब पुलिस ने उससे नाम और पता पूछा, तो वह किसी अज्ञात भाषा में बोलने लगा। पहले तो पुलिस को लगा कि वह मानसिक रूप से अस्थिर है, लेकिन थाने ले पूछताछ की गई तो कई अहम जानकारी सामने आई।

9 लोगों के साथ भारत में घुसने की बात कबूली

पकड़े गए युवक ने अपना नाम रहमत अली बताया और कहा कि वह बांग्लादेश के बागुड़ा ज़िले के रामचंद्रपुर गांव का निवासी है। जब उससे परिवार के बारे में पूछा गया, तो उसने पहले पिता का नाम मन्ना सरकार बताया, फिर बयान बदलकर मोहम्मद कहने लगा। मां का नाम मेमरा बेगम बताया।

देर रात तक चली पूछताछ में युवक बार-बार अपने बयान बदलता रहा, जिससे पुलिस को शक है कि वह जानबूझकर गुमराह कर रहा है।

सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि वह 9 अन्य लोगों के साथ भारत में दाखिल हुआ था। हालांकि उसकी बातों में कितनी सच्चाई है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पूछे जाने पर कि वह यहां क्यों आया है, रहमत अली ने कहा, “खाना खाने आया हूं।”

तुम्हारा प्रधानमंत्री कौन- जवाब मिला: शेख हसीना

पुलिस द्वारा जब रहमत अली से देश और उसके नेतृत्व के बारे में पूछा गया, तो उसने कहा कि उसके देश की प्रधानमंत्री शेख हसीना हैं। पुलिस ने जब उसे बांग्लादेश की कुछ तस्वीरें दिखाईं, तो उसने उन्हें आसानी से पहचान लिया। शुरुआत में वह टूटी-फूटी हिंदी में बात कर रहा था, लेकिन जब ज्यादा प्रश्न पूछे गए तो बंगाली भाषा में जवाब देने लगा। इसके बाद पुलिस ने ट्रांसलेटर की मदद ली।

पूछताछ जारी, प्रशासन की सख्त निगरानी में

23 वर्षीय रहमत अली द्वारा अब तक दिए गए बयानों में कितनी सच्चाई है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। जबलपुर के एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार की शाम डुमना एयरपोर्ट के पास एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया है। लगातार पूछताछ की जा रही है। युवक कौन है और उसके द्वारा दिए गए बयानों में कितनी सच्चाई है, यह जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *