जबलपुर में नए साल के पहले दिन ही हत्या की वारदात हुई। घटना हनुमानताल थाना क्षेत्र के मोहरिया इलाके की है, जहां 25 वर्षीय समीर मंसूरी 1 जनवरी 2025 को अपना जन्मदिन मना रहा था। रात को केक काटने के बाद समीर अपने दोस्तों के साथ छत पर डांस कर रहा था, तभी आधारताल क्षेत्र के दो युवक वहां पहुंचे और समीर पर फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद समीर के दोस्तों ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान रात में समीर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस अब समीर की हत्या के आरोपियों की तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि दो माह पहले आरोपी सैफू और समीर के बीच विवाद हुआ था, जिसमें समीर ने सैफू के साथ मारपीट की थी। इसी बदले की भावना से सैफू लगातार समीर की हत्या की योजना बना रहा था। बुधवार रात को सैफू के दोस्त आरिफ ने उसे बताया कि समीर का जन्मदिन है और वह मोहरिया में एक किराए के मकान में दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा है। यह सुनते ही सैफू ने ठान लिया कि उसी दिन समीर की मौत होगी। सैफू और आरिफ ने समीर के घर पहुंचकर छत पर चढ़कर बिना कुछ कहे दो गोली मारी, जो समीर के सीने और पीठ में लगीं। गोली लगने के बाद समीर वहीं गिर पड़ा, जबकि सैफू और आरिफ वहां से फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना प्रभारी धीरज राज अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और समीर की हत्या के आरोप में सेफू और आरिफ के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक समीर और सेफू के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, और इसी रंजिश का बदला लेने के लिए गोली मारी गई है। टीआई के अनुसार, समीर के सीने और पीठ में दो गोली लगी थीं, जिनकी वजह से उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि सेफू और आरिफ दोनों ही शातिर बदमाश है जिनके खिलाफ हनुमानताल, आधारताल, गोहलपुर सहित शहर के कई अन्य थानों में गंभीर अपराध दर्ज है। पुलिस के मुताबिक दोनों ही आरोपियों की तलाश के लिए हनुमानताल थाने की चार टीम गठित की गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जानकारी जुटा रही है की हत्या करने के लिए आरोपी ने पिस्टल कहां से और किससे ली थी।