विदिशा जिले के सिरोंज में स्कूली बच्चों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप एक निजी स्कूल के टीचर पर है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो परिजन तक पहुंचे। जिसके बाद माता-पिता ने बच्चों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि यह सिलसिला लंबे समय से चल रहा था।
पीड़ित बच्चों के परिवार के अनुसार, आरोपी शिक्षक सत्यम रघुवंशी (25) स्कूल में पढ़ाने के बाद ट्यूशन भी पढ़ाता था। वहां बच्चों को रोककर उनके साथ अप्राकृतिक कृत्य करता था। वह बच्चों को धमकी देता था कि अगर किसी को बताया तो उनके परिवार को मार डालेगा, स्कूल में उनकी दोस्ती खत्म करा देगा और उन्हें फेल कर देगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पीड़ित बच्चों के परिजन थाने पहुंचे। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस फिलहाल 5 बच्चों को यौन शोषण का शिकार मान रही है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पीड़ित बच्चों की संख्या 25 से अधिक है।

5वीं से 8वीं तक के बच्चों को पढ़ाता था
बताया जा रहा है कि टीचर स्कूल में 3 साल से पढ़ा रहा है। वह पांचवीं से आठवीं तक के बच्चों को पढ़ाता था। वह शादीशुदा है। उसके परिवार में पत्नी, सालभर का बच्चा, मां-बाप, दो भाई भी रहते हैं। पुलिस ने आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है।
मेडिकल के लिए 6 घंटे इंतजार करते रहे बच्चे
मामले में बच्चों के मेडिकल चेकअप को लेकर लापरवाही भी सामने आई है। दरअसल, 5 बच्चों का सिरोंज के अस्पताल में मेडिकल होना था। पांचों बच्चे परिजन के साथ शाम 5 बजे अस्पताल पहुंच गए। वहां पता चला कि बीएमओ डॉ. विकास बघेल छुट्टी पर हैं।
उनकी जगह डॉ. गोलू जाटव प्रभारी बीएमओ हैं, लेकिन वह भी किसी शादी समारोह में गए थे। ड्यूटी पर तैनात डॉ. पंकज साकेत ने बताया कि वे अभी फ्रेशर हैं। यहां बॉण्ड पर हैं। उन्हें इस तरह के मामले में मेडिकल करने का अनुभव नहीं है।
यह सुनते ही परिजन ने हंगामा कर दिया। फिर डॉ. साकेत ने ही बच्चों का मेडिकल चेकअप किया। इसके बाद रात करीब 11 बजे परिजन बच्चों को लेकर पुलिस के साथ थाने चले गए।
चाइल्ड स्पेशलिस्ट ने किया मेडिकल चेकअप
परिजन की शिकायत पर सिरोंज थाने में मौजूद एसपी रोहित काशवानी और एसडीएम हर्षल चौधरी ने मेडिकल के लिए दो डॉक्टर्स को बुलाया। चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. सुरेश अग्रवाल और लटेरी बीएमओ डॉ. अभिषेक उपाध्याय अस्पताल पहुंचे l रात करीब 12 बजे बच्चों को एक बार फिर अस्पताल ले जाया गया। रात करीब एक बजे डॉ. पंकज साकेत ने बताया कि एक्सपर्ट टीम की मौजूदगी में बच्चों का चेकअप कर लिया गया है l
3 एफआईआर दर्ज, आरोपी को अज्ञात स्थान पर रखा एसपी रोहित काशवानी ने कहा- मामले में पुलिस गंभीरता से काम कर रही है। संबंधित स्कूल और कोचिंग के दूसरे बच्चों से भी बात की जाएगी। आरोपी शिक्षक का साइकोलॉजिकल टेस्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा-
मामले में तीन एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। आरोपी शिक्षक को पुलिस ने राउंड अप कर लिया है। अप्रिय स्थिति से बचने के लिए उसे अज्ञात स्थान पर रखा गया है।