शिवपुरी में तालाब से निकलकर एक मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया। यह देखकर वहां दहशत फैल गई। स्थानीय युवकों ने लकड़ी और रस्सियों की मदद से उसे पकड़ लिया। इसके बाद स्कूटी पर बैठाकर इलाके में घूमते रहे। इसके बाद तालाब में ले जाकर छोड़ दिया।
मामला शहर के मनियर क्षेत्र में रविवार रात का है। यहां काली माता मंदिर के पास तालाब है। यहीं से मगरमच्छ आया था। उसे देखकर वहां दहशत फैल गई। लेकिन युवकों ने वन विभाग को सूचना दिए बिना खुद ही उसे पकड़ लिया था। वन विभाग ने मामले में जांच की बात कही है।
देखिए चार तस्वीरें
नालों के रास्ते शहर में घुसते हैं मगरमच्छ
स्थानीय निवासी संजय राठौर ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे मगरमच्छ कॉलोनी की सड़कों पर घूमता नजर आया था। बताया जा रहा है कि शहर के गंदे पानी के नाले करबला होते हुए सांख्य सागर झील तक पहुंचते हैं, जो माधव टाइगर रिजर्व का हिस्सा है। सांख्य सागर झील में सैकड़ों मगरमच्छ मौजूद हैं और यह झील रामसर साइट घोषित की जा चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि यही मगरमच्छ नालों के जरिए मनियर क्षेत्र तक पहुंच गया होगा।
ये वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन
वन विभाग के रेंजर गोपाल जाटव ने बताया कि इस घटना की कोई जानकारी विभाग को नहीं दी गई, जबकि विभाग के पास 24 घंटे सक्रिय रेस्क्यू टीम मौजूद है। उन्होंने कहा कि मगरमच्छ जैसे खतरनाक वन्य जीव को पकड़ना आम लोगों के लिए जानलेवा हो सकता है। साथ ही युवकों की यह हरकत वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम का भी उल्लंघन है। मामले की जांच की जा रही है।