एमपी। पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा और सहयोगी चेतन गौर के खिलाफ ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर जांच की शुरू, कार में मिले 52 किलो गोल्ड के विदेश से आयात किए जाने की आशंका – देखें VIDEO

आयकर विभाग ने भोपाल में एक कार से 52 किलो सोना और 11 करोड़ कैश बरामद किया था।

भोपाल में आरटीओ के पूर्व कॉन्स्टेबल सौरभ शर्मा से बेहिसाब संपत्ति मिलने के बाद जांच एजेंसियों ने उस पर शिकंजा कस दिया है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की भी एंट्री हो गई है। ईडी ने सौरभ और उसके सहयोगी चेतन गौर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर लिया है। वहीं लोकायुक्त ने सौरभ शर्मा समेत 5 लोगों को समन जारी किया है।

इधर, भोपाल में मेंडोरी के जंगल में चेतन सिंह गौर की इनोवा कार में मिले 52 किलो गोल्ड और 11 करोड़ कैश की जांच आयकर विभाग ने शुरू कर दी है। आयकर विभाग सौरभ शर्मा के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करेगा। बताया जा रहा है कि सौरभ शर्मा लोकायुक्त छापे से पहले दुबई चला गया था।

केंद्रीय राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) भी इस मामले की पैरेलल जांच कर रहा है। कार में मिले 52 किलो गोल्ड के विदेश से आयात किए जाने की आशंका है। इस संबंध में निदेशालय के अधिकारी एक होटल और स्कूल से जुड़े निवेश की भी जांच कर रहे हैं।

पूर्व कॉन्स्टेबल के यहां मिली थी 235 किलो चांदी-8 करोड़ कैश 19 दिसंबर को लोकायुक्त और आयकर विभाग के छापों में सौरभ शर्मा के ठिकानों से 235 किलो चांदी सहित कुल 8 करोड़ की नकदी और आभूषण मिले थे। वहीं 19 दिसंबर की देर रात मेंडोरी के जंगल से एक कार से 52 किलो सोना मिला। 11 करोड़ रुपए कैश भी बरामद हुआ था। कार एक मकान के बाहर लावारिस हालत में मिली थी। सोने की कीमत करीब 40 करोड़ 47 लाख रुपए आंकी गई थी। कार का मालिक चेतन सिंह गौर सौरभ का करीबी है।

7 करोड़ के बंगले में रहता है सौरभ जहां सौरभ फिलहाल रह रहा था, अरेरा कॉलोनी स्थित वह बंगला E-7/78 उसने 2015 में सवा दो करोड़ रुपए में खरीदा था। हालांकि, सौरभ इसे अपने बहनोई का बंगला बताता है। बंगले की वर्तमान कीमत लगभग 7 करोड़ रुपए है।

सूत्रों के मुताबिक, नौकरी करते समय खरीदा गया ये बंगला सौरभ ने किसी अन्य के नाम से खरीदा था। वहीं सौरभ जल्द ही शाहपुरा के बी सेक्टर में जयपुरिया स्कूल की फ्रेंचाइजी भी खोलने वाला था। चेतन स्कूल की समिति में सचिव है जबकि चेयरपर्सन सौरभ की मां और डायरेक्टर पत्नी हैं।

दिवाली पर रिश्तेदारों-दोस्तों को LED टीवी बांटी थी लोकायुक्त टीम को जयपुरिया स्कूल की बन रही बिल्डिंग से 40 पेटी पैक एलईडी टीवी मिलीं। सभी 43 इंच की हैं। सूत्रों के अनुसार, सौरभ शर्मा ने दिवाली के दौरान सैकड़ों टीवी अपने संबंधियों को गिफ्ट के तौर पर बांटी थीं। बाकी टीवी उसने स्कूल की इमारत में छिपाकर रखी थीं।

आरक्षक से बिल्डर बना सौरभ शर्मा परिवहन विभाग में पदस्थ सीनियर अफसर बताते हैं कि सौरभ के पिता स्वास्थ्य विभाग में थे। साल 2016 में उनकी अचानक मृत्यु के बाद उनकी जगह अनुकंपा नियुक्ति के लिए सौरभ की तरफ से आवेदन दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने स्पेशल नोटशीट लिखी कि उनके यहां कोई पद खाली नहीं है।

अक्टूबर 2016 में कॉन्स्टेबल के पद पर भर्ती सौरभ की पहली पोस्टिंग ग्वालियर परिवहन विभाग में हुई। मूल रूप से ग्वालियर के साधारण परिवार से संबंध रखने वाले सौरभ का जीवन कुछ ही वर्षों में पूरी तरह बदल गया। नौकरी के दौरान ही उसका रहन-सहन काफी आलीशान हो गया था, जिससे उसके खिलाफ शिकायतें विभाग और अन्य जगहों पर होने लगीं।

कार्रवाई से बचने के लिए सौरभ ने वॉलंटरी रिटायरमेंट स्कीम के तहत सेवानिवृति ले ली। इसके बाद उसने भोपाल के नामी बिल्डरों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी में बड़े पैमाने पर निवेश करना शुरू कर दिया।

केंद्रीय मंत्री ने लिखा था मुख्य सचिव को लेटर 2016 में परिवहन विभाग में अनुकंपा नियुक्ति के बाद सौरभ करीब एक साल तक ग्वालियर आरटीओ में रहा। इसके बाद अपनी पदस्थापना चेकपोस्ट पर करा ली। यहां वह लगभग तीन साल रहा। इस दौरान चेक पोस्टों में जमकर अवैध वसूली की शिकायतें आ रही थीं। ये तत्कालीन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तक भी पहुंचीं। गडकरी ने मध्यप्रदेश के तत्कालीन मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को अवैध वसूली के संबंध में पत्र लिखा था।

2019 में सौरभ शर्मा उड़नदस्ता में आ गया। इसके बाद आधे से ज्यादा चौकियों को वही संभालने लगा था। बड़े अधिकारी सौरभ के इशारे पर चेक पोस्ट पर तैनाती देते थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मध्यप्रदेश के सभी चेक पोस्ट 1 जुलाई 2024 को बंद कर दिए गए थे।

चेतन बोला- मैं वर्कर की हैसियत से काम करता था आयकर विभाग को दिए बयान में चेतन सिंह गौर ने खुद को सौरभ शर्मा का साधारण वर्कर बताया है। चेतन का कहना है- सौरभ जहां कहता था, मैं वहां साइन कर दिया करता था। मेरे दस्तावेज वह अलग-अलग काम बताकर ले लेता था।

चेतन ने यह भी बताया कि वे दोनों पुराने परिचित थे और उसे काम की जरूरत थी। इसी कारण उसने सौरभ से कभी कोई सवाल नहीं किया। चेतन के अनुसार, सौरभ ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। चेतन ने कहा- सौरभ ने उसके नाम से कार खरीद ली। चेतन के दस्तावेजों पर पेट्रोल पंप का आवंटन करा लिया। इसके अलावा भी कई संपत्तियां चेतन के नाम से खरीदीं।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष बोले- भोपाल की धरती सोना-चांदी-नकदी उगल रही पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने आरटीओ के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा पर छापे की कार्रवाई को लेकर कहा कि इतना बड़ा भ्रष्टाचार अकेले सौरभ शर्मा के बस की बात नहीं है। इसमें अफसर और भाजपा के नेता भी शामिल हैं। आज प्रदेश भर में भाजपा के भवन हर जिले में बन रहे हैं, नेताओं के अस्पताल बन रहे हैं। यह सब परिवहन घोटाला के रुपए का हिस्सा ही है।

गोविंद सिंह ने कहा- एक पुराना गीत हुआ करता था- मेरे देश की धरती सोना उगले, उगले हीरे मोती। लेकिन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पर आज यह गाना सटीक बैठ रहा है, क्योंकि भोपाल की धरती सोना-चांदी-नकदी उगल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *