
छतरपुर में होली के दिए एक युवक के सिर में गोली मार दी गई। मृतक युवक का नाम हरिओम शुक्ला है जो कि प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बताया गया है कि आरोपियों ने होली मिलन समारोह के बहाने हरिओम को बुलाया और फिर गले लगाकर पीछे से गोलियां मार दीं। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। वहीं मृतक के भाई ने जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है उनमें एक भाजपा नेता भी शामिल है।
होली पर गले लगाकर मारी गोली
घटना छतरपुर के महोबा रोड की है जहां करीब12 बजे हुई। बताया गया है कि आरोपी अभिषेक परिहार, आकाश यादव और रासू ने फोन कर हरिओम को होली मिलन के लिए बुलाया। जब हरिओम वहां पहुंचे तो आरोपियों ने उसे गले लगाया और फिर पीछे से गोली मार दी। पहली गोली हरिओम की गर्दन के पीछे सिर में लगी और दूसरी कनपटी पर। एकाएक हुई इस घटना से हड़कंप मच गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रॉपर्टी को लेकर हुआ था विवाद
मृतक हरिओम के भाई ने आकाश यादव नाम के युवक पर गोली मारने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि आरोपियों से प्रॉपर्टी को लेकर हरिओम का विवाद हुआ था और आरोपियों ने पहले भी उनके घर पर गोली चलाई थी जिसकी शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई थी लेकिन आरोपी के भाजपा नेता होने के कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। एएएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।