
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
धार में एक महिला ने अपने पति और उसके दोस्त के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि पति ने उसे दोस्त को 50 हजार रुपए में बेच दिया था। दोस्त ने उसके साथ कई बार रेप किया।
महिला ने पहले इंदौर के महिला थाने में शिकायत की थी। यहां से शिकायत कानवन पुलिस थाने में ट्रांसफर कर दी गई। धार एसपी मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, पति को गिरफ्तार कर लिया है। वह पत्नी से वेश्यावृत्ति कराता था। पत्नी ने ही उसके खिलाफ केस दर्ज कराया है।
8 लाख का कर्ज, गहने गिरवी रखे पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद 2021 में पता चला कि पति जुआ खेलता है। उस पर 8 लाख रुपए का कर्ज है। उसे चुकाने के लिए पति ने उसके गहने गिरवी रख दिए। पति उससे पैसे उधार लेने का दबाव बनाता और मना करने पर मारपीट करता था।
दोस्त के पास गुड़गांव में छोड़ा महिला ने पुलिस को बताया, ‘मेरे पति का दोस्त अभिमन्यु गुड़गांव में रहता है। पति, अभिमन्यु से भी रुपए उधार लेता था। पति ने मुझसे कहा कि कर्ज चुकाने के लिए अभिमन्यु के साथ रहना होगा। मैंने मना किया तो उसने बेटी को जान से मारने की धमकी दी।
पति मुझे फ्लाइट से दिल्ली ले गया और अभिमन्यु के घर छोड़ दिया। अभिमन्यु ने मुझसे कई बार रेप किया। अभिमन्यु ने बताया कि उसने मुझे पति से 50 हजार रुपए में खरीदा है। कुछ दिनों बाद अभिमन्यु ने वापस इंदौर भेज दिया। पति ने फिर से मुझे अभिमन्यु के पास भेज दिया।
पिछले साल ही इंदौर लेकर आया महिला ने कहा कि पति मुझे पिछले साल इंदौर ले आया। यहां हम एक फ्लैट में रह रहे हैं। मल्टी में ही रहने वाले एक व्यक्ति से पति की दोस्ती हो गई। करीब एक महीने से पति उससे संबंध बनाने के लिए कहने लगा। अब एक बार फिर से पति अभिमन्यु से मोबाइल पर बात करने को बोलता है। मेरे मना करने पर मुझे प्रताड़ित करता था। मैंने डर के कारण पुलिस एवं रिश्तेदारों को नहीं बताया। सब कुछ सहन करती रही।
विरोध करने पर पीटा, शिकायत करने पर भागा महिला ने कहा- मेरा पति मुझे फिर से अभिमन्यु के पास दिल्ली जाने के लिए दबाव बनाने लगा। मेरे विरोध करने पर उसने मेरे साथ मारपीट की। उसने अभिमन्यु को इंदौर बुलाया। मुझसे झगड़ा कर होटल में उसके पास ले गया। मैंने यह बात कॉल कर अपने भाई को बताई तो उसने इंदौर में मेरे पति से इस बारे में विरोध जताया। बाद में मेरे पति ने मुझसे माफी मांगी। अभी 6 दिन पहले फिर उसने मुझे अभिमन्यु के पास जाने की बात कही। मेरे विरोध करने और एफआईआर कराने का कहने पर अपने गांव भाग गया।’