एमपी। चक्काजाम खुलवाने पहुंची महिला थानेदार ने बात करने आये युवक को मारा थप्पड़, जवाब में युवक ने भी थानेदार को जड़ा थप्पड़ – देखे VIDEO

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों को बड़ागांव थाना प्रभारी समझाइश दे रहीं थी। इसी दौरान ये वाकया पेश आया।

टीकमगढ़ में एक लेडी टीआई ने युवक को थप्पड़ मार दिया। जवाब में युवक ने भी टीआई के चेहरे पर थप्पड़ जड़ दिया। घटना सोमवार की बड़ागांव थाना क्षेत्र के दरगुवां गांव की है। पुलिस बल्देवगढ़-बड़ागांव रोड जाम कर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाने पहुंची थी।

दरअसल, एक किसान की मौत के बाद ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। परिजन और ग्रामीण पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान बड़ागांव थाना प्रभारी अनुमेहा गुप्ता ने बहस कर रहे युवक को चांटा मारा तो बौखलाए युवक ने जवाब में उन्हें भी थप्पड़ मारा।

विवाद की 2 तस्वीरें…

पुलिस के रवैये के खिलाफ दे रहे थे धरना

ग्रामीण रामकिशन लोधी ने बताया कि रविवार रात किसान गोकुल लोधी घर से खेत पर जाने के लिए निकला था। सोमवार सुबह करीब 6 बजे परिजन को सड़क पर उसका शव पड़े होने की सूचना मिली। जानकारी लगते ही मृतक के परिजन बड़ागांव थाना शिकायत लेकर पहुंचे।

इस दौरान बड़ागांव पुलिस ने बुडेरा थाने का मामला बताकर परिजन को लौटा दिया। पुलिस के रवैये से नाराज परिजन ने ग्रामीणों के साथ सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

थप्पड़ के बाद पुलिस-ग्रामीणों में तनातनी

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामला बिगड़ता देख बड़ागांव थाना प्रभारी अनुमेहा गुप्ता मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे युवक को चांटा मारा। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनातनी का माहौल बन गया। करीब 1 घंटे बाद ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत कराया गया।

SDOP बोले- भीड़ का फायदा उठाकर मारा थप्पड़

टीकमगढ़ एसडीओपी राहुल कटरे का कहना है कि बड़ागांव थाना प्रभारी अनुमेहा गुप्ता जाम हटाने मौके पर पहुंचीं थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवक से विवाद हो गया। भीड़ का फायदा उठाकर युवक ने थाना प्रभारी को थप्पड़ मार दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया केस

बड़ागांव थाना प्रभारी अनुमेहा गुप्ता ने बताया कि परिजनों की मांग पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का नजर आ रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *