
देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक मुंबई एयरपोर्ट पर कल सुबह अलग ही नजारा देखने को मिला. एयरपोर्ट पर भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी और अराजकता का माहौल रहा. यात्रियों ने फ्लाइट मिस हो जाने के लिए खराब भीड़ प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है.एयरपोर्ट पर लोग लंबी-लंबी कतारों में फंसे रहे. घरेलू एयरलाइंस कंपनी इंडिगो ने यात्रियों को सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त टाइम देने के लिए जल्दी रिपोर्ट करने की सलाह दी है. मुंबई एयरपोर्ट के सूत्रो ने एनडीटीवी को बताया, “त्योहारों के सीजन के कारण यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है. एयरपोर्ट पर अतिरिक्त सुरक्षा तैनात की गई है, क्योंकि हम अपनी सुरक्षा में नरमी नहीं बरतना चाहते हैं. सुरक्षा जांच को लेकर बढ़ी भीड़ पर हम जल्द ही एक बयान जारी करेंगे।”
नाराज यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा उतारा और प्रबंधन के प्रति अपनी नाराजगी दर्ज कराई। बॉलीवुड म्यूजिक कंपोजर विशाल डडलानी ने भी ट्विटर पर अपने खराब अनुभव के बारे में लिखा, “मुंबई हवाई अड्डे के T2 पर भारी भीड़ है. .ऐसा लगता है कि पाषाण काल में पहुंच गए हैं. अंदहीन भीड़, मशीने टूट रही हैं। गुस्सा फूट रहा है. हर जगह अराजगता, कर्मचारी अपना बेस्ट कर रहे हैं लेकिन वे असमर्थ हैं। कौन इस तरह की खराब व्यवस्था चलाता है प्लीज उसे टैग करें।”

फिनटेक फर्म 5paisa.com के सीईओ प्रकाश गगदानी ने भी मुंबई एयरपोर्ट पर होने वाली परेशानियों के बारे में लिखा, “मुंबई एयरपोर्ट पर सबकुछ गड़बड़ है। प्रवेश करने और चेक-इन करने में कम से कम 1 घंटा लग रहा है और फिर सुरक्षा जांच के लिए यह भीड़। कोई कैसे घरेलू उड़ान से 2 1/2 घंटे पहले पहुंच कर भी बोर्ड कर सकता है । यह देश की वास्तविक वाणिज्यिक राजधानी है।”