इंदौर होटल में कपल के शव मिलने का रहस्यमयी मामला: लड़की की लाश बेड पर पड़ी, युवक मिला फंदे पर झूलता

इंदौर में एक होटल में कपल के शव मिले हैं। लड़की की लाश बेड पर पड़ी मिली, तो युवक फंदे पर झूलता मिला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों ने एक साल पहले ही लव मैरिज की थी।

घटना भंवरकुआं इलाके में रिंग रोड स्थित प्राइम होटल की है। बताया जा रहा है कि राहुल वर्मा और नंदिनी नाम का ये कपल दो दिन पहले शनिवार से होटल के रूम नंबर 306 में ठहरे थे। सोमवार दोपहर कमरे से बदबू आने लगी। कर्मचारियों ने होटल मैनेजर को सूचना दी। जिसके बाद दूसरी चाबी से लॉक खोलकर देखा तो दोनों की लाश मिली।

भंवरकुआं थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि प्राइम होटल के स्टाफ ने शव पड़े होने की सूचना दी थी। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये सुसाइड केस है या फिर कुछ और।

राहुल वर्मा अमर पैलेस कॉलोनी का रहने वाला था। युवती का नाम नंदिनी था। वो कॉल सेंटर पर काम करती थी। शनिवार सुबह वह घर से विजय नगर जाने की बात कहकर निकली थी। उसके भाई ने उसे राजीव गांधी चौराहे पर सिटी बस स्टॉप पर छोड़ा था।

संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले

पुलिस की प्रांरभिक जांच में पता चला कि दोनों के बीच में आपसी संघर्ष जैसे कोई निशान नहीं मिले हैं। फोरेंसिक डिपार्टमेंट के अफसरों की जांच के अनुसार पहले नंदिनी की मौत हुई है। इसके बाद राहुल ने फांसी लगाई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जानकारी सामने आ सकेगी।

एक साल पहले की थी लव मैरिज

पुलिस का कहना है दोनों एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। इस रिश्ते को लेकर दोनों के परिवार के लोग खुश नहीं थे इस वजह से परिवार से अलग रह रहे थे। हालांकि पुलिस ने परिवार को घटना की जानकारी दी है। अभी किसी के बयान नहीं हो पाए हैं। लड़का सिलाई का काम करता था। दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी। लड़की आर्य समाज की थी। शादी के बाद कुछ दिन तक लड़की ससुराल में रही। इसके बाद मायके चली गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *