
पंजाब के पठानकोट और जम्मू-कश्मीर के कुछ जिलों में शुक्रवार को शाम के समय आसमान में चमकती रहस्यमय रोशनी की एक कतार ने लोगों को अचरज में डाल दिया. शाम सात बजे से कुछ देर पहले यह रोशनी आसमान में दिखाई दी.यह कुछ ऐसा ही था जैसा कि आप रात के अंधेरे में किसी ट्रेन को गुजरते हुए दूर से देखते हैं। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसको लेकर अटकलें लगा रहे हैं।
पाकिस्तान के साथ लगती सीमा पर आसमान में चमकीली चीज दिखने से कुछ लोगों ने इसे रॉकेट भी समझा। लोगों ने इसे मोबाइल कैमरों में कैद किया। जम्मू-कश्मीर में जम्मू, सांबा, कठुआ, ऊधमपुर, राजौरी और पुंछ जैसे जिलों के लोगों ने इस वस्तु को देखा तो पंजाब के कई जिलों में भी यह नजारा दिखा।
एक रक्षा अधिकारी ने कहा कि वे स्थानीय लोगों के दावों और आसमान में दिखी वस्तु की पुष्टि करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे स्टारलिंक उपग्रह थे, जो पृथ्वी की निचली कक्षा में यात्रा करते हैं। सीमांत इलाके में कुछ लोगों ने इसे पाकिस्तान की ओर से भेजा गया ड्रोन भी समझा। हाल ही में पड़ोसी देश से कई बार ड्रोन घुसे हैं।
एक्सपर्ट अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर पाए हैं कि यह क्या वस्तु थी। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब आसमान में कोई ऐसी चीज दिखी हो। इस साल जून में गुजरात के जूनागढ़ और सौराष्ट्र में ऐसी ही चमकीली वस्तु दिखी थी, जिसे लोगों ने अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट (UFOs) बताया। उस समय गुजरात काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नॉलजी के सलाहकार नरोत्तम साहू ने कहा था कि यह कोई सैटेलाइट हो सकती है, जो पृथ्वी की निचली कक्षा से गुजर रही हो।