
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने किसान आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर आक्रोशित किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच टकराव की तस्वीरों के साथ ट्वीट कर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. किसानों के आंदोलन का VIDEO शेयर कर सिद्धू केंद्र सरकार पर बरसे . उन्होंने कहा- राष्ट्रीय बहस होना चाहिए कि सरकारी खजाने से पूंजीपतियों को मदद मिल रही है या आम आदमी को.
उल्लेखनीय है कि पंजाब के किसान कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. किसानों ने हरियाणा होते हुए दिल्ली कूच का ऐलान किया था. पिछले दो दिनों किसानों और दिल्ली पुलिस के बीच दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर कई जगहों पर टकराव देखने को मिला है. नवजोत सिंह सिद्धू भी पंजाब में कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में से एक माने जाते हैं.
नवजोत सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के पैसे से टैक्स इकट्ठा करती है, लेकिन यह राजस्व या आय 0.1 प्रतिशत कारपोरेट इंडिया की मदद में इस्तेमाल की जाती है. एनपीए या इसे बट्टे खाते में डाल दिया जाता है. या फिर इस धन का इस्तेमाल आम आदमी को लाभ पहुंचाने वाली सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में होना चाहिए. किसान, लघु व्यवसायी, मध्यम वर्गीय लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिया जाना चाहिए. उन्होंने इस पर राष्ट्रीय बहस कराने की वकालत भी की.