
सुशांत मामले की जांच कर रही NCB की एक टीम आज रिया चंक्रवर्ती के घर पहुंची. इस दौरान उनके साथ मुंबई पुलिस भी नजर आई. प्राप्त जानकारी के अनुसार NCB टीम उनके घर से समन देकर निकली. रिया को 10 बजे NCB के दफ्तर भी बुलाया गया है. वहीं इससे पहले कोर्ट ने शनिवार को एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती और सुशांत के हाउस मैनेजर रहे सैमुअल मिरांडा को नौ सितंबर तक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की हिरासत में भेज दिया था. एजेंसी ने कोर्ट से कहा था कि शौविक का सामना सुशांत के स्टाफ में शामिल रहे दीपेश सावंत और रिया चक्रवर्ती से कराना जरूरी है.
एनसीबी ने शनिवार को सुशांत सिंह राजपूत के निजी कर्मचारी दीपेश सावंत को गिरफ्तार किया। अब तक कुल सात लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। एनसीबी ने कहा कि सावंत को शनिवार को रात करीब 8 बजे नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। उसका बयान पर्याप्त सबूत के आधार पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 67 के तहत दर्ज किया गया।
एनसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सावंत को रविवार सुबह 11 बजे स्थानीय एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया जाएगा। सैमुअल मिरांडा की तरह वह ड्रग्स खरीदता था। एजेंसी ने शुक्रवार को रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती और सुशांत का मैनेजर सैमुअल मिरांडा को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए सात लोगों में से तीन शौविक, मिरांडा और जैद विलात्रा एनसीबी की हिरासत में हैं।
जब मामले की जांच शुरू हुई तो एजेंसी ने दो लोगों अब्बास लखानी और करण अरोड़ा को कथित रूप से ड्रग पेडलिंग के लिए गिरफ्तार किया था और अधिकारियों ने दावा किया है कि उनके माध्यम से वे विलात्रा और अब्दुल बासित परिहार के पास पहुंचे, जो कथित रूप से इस ड्रग्स मामले से सीधे तौर पर जुड़े हुए थे। वे मिरांडा के साथ संपर्क में थे। मिरांडा कथित तौर पर शौविक के कथित निर्देशों पर उनसे ड्रग्स की खरीदता था।