ड्रग्स केस में दीपिका पादुकोण से पूछताछ करने वाले NCB के अधिकारी केपीएस मल्होत्रा कोरोना से संक्रमित

सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद बॉलीवुड में फैले ड्रग्स नेटवर्क का पता लगाने में जुटे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के डिप्टी डायरेक्टर केपीएस मल्होत्रा कोरोना संक्रमित (Corona positive) हो गए हैं. केपीएस मल्होत्रा कोरोना पॉजिटिव होने के बाद मुंबई से दिल्ली लौट आए है. बता दें कि केपीएस मल्होत्रा ने ही ड्रग्स कनेक्शन मामले में दीपिका पादुकोण से पूछताछ की थी.जानकारी के मुताबिक बॉलीवुड में ड्रग्स सिंडिकेट की जांच में कोरोना ने ब्रेक लगा दिया है. दरअसल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के डिप्टी डायरेक्टर केपीएस मल्होत्रा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. ऐसे में डिप्टी डायरेक्टर के संपर्क में आने वाले सभी एनसीबी अधिकारियों को कोरोना की जांच करानी होगी. अगर कोरोना रिपोर्ट में कुछ और अधिकारी भी कोरोना पॉजिटिव मिलते हैं तो इस जांच को कुछ दिनों के लिए रोकना भी पड़ सकता है.

 

ड्रग्स मामले में अब तक 20 से ज्यादा लोग अरेस्ट हो चुके:-एनसीबी की टीम ड्रग्स मामले में दीपिका पादुकोण के अलावा रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान, श्रद्धा कपूर और प्रोड्यूसर मधु मंतेना से पूछताछ कर चुकी है। रिपोर्ट्स की मानें तो कई नामी एक्टर और डायरेक्टर्स समेत फिल्म इंडस्ट्री के करीब 50 लोग एजेंसी की राडार पर हैं।

अब तक करीब 20 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इनमें रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शोविक, सुशांत के हाउस मैनेजर रहे सैमुअल मिरांडा, हाउस कीपर रहे दीपेश सावंत के साथ धर्मा प्रोडक्शन के पूर्व एक्जीक्यूटिव प्रॉड्यूसर और असिस्टेंट डायरेक्टर रहे क्षितिज रवि प्रसाद जैसे नाम शामिल हैं।

 

इधर क्षितिज ने एनसीबी पर आरोप लगाए:-क्षितिज को शनिवार को स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद उन्हें 6 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सुनवाई के दौरान उनके वकील सतीश मानशिंदे द्वारा आरोप लगाया गया कि एनसीबी की ओर से उन्हें टॉर्चर कर उन पर करन जौहर, अर्जुन रामपाल और रणबीर कपूर का नाम ड्रग्स केस में लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि क्षितिज व्यक्तिगत रूप से इनमें से किसी को नहीं जानते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *