मूसाखेड़ी, आईटी पार्क और सत्यसाईं चौराहे पर बनाए जा रहे फ्लायओवर की डेडलाइन फरवरी 2026 में समाप्त हो चुकी है। तीनों फ्लायओवर का काम 50 फीसदी से ज्यादा बाकी है। सत्यसाईं फ्लायओवर एबी रोड तो मूसाखेड़ी और आईटी पार्क फ्लायओवर रिंग रोड पर बन रहे हैं। तीनों जगह निर्माण अधूरा रहने से हर दिन डेढ़ से दो लाख वाहन चालकों की फजीहत हो रही है।

एमपीआरडीसी द्वारा बनाए जा रहे इन फ्लायओवर का काम फरवरी 2024 में शुरू हुआ था। कुल 4 फ्लायओवर का प्रोजेक्ट एकसाथ स्वीकृत हुआ था। देवास नाका फ्लायओवर का आकार कुछ हद तक दिख रहा है। बाकी तीनों चौराहों पर हालात खराब हैं। सत्यसाईं पर रोज शाम को ट्रैफिक जाम हो जाता है।
- 2024 फरवरी में तीनों फ्लायओवर का काम शुरू हुआ था
- 2026 फरवरी में निर्माण पूरा हो जाना था
- 50 से 60 फीसदी काम ही हो सका
- 1.5 लाख से ज्यादा वाहन चालक रोज परेशान
सत्यसाईं : संकरी सर्विस रोड, सड़क पर पार्किंग
सत्यसाईं चौराहे पर सर्विस रोड भी संकरी है। दो कारें एक साथ नहीं निकल सकती। यहां एबी रोड का ट्रैफिक गुजरता है। शाम को स्थिति खराब हो जाती है। दोनों ओर सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग की भी समस्या है। विजय नगर थाने के सामने जब्त गाड़ियों से सड़क घिरी रहती है। चौराहे से देवास नाका तरफ सर्विस रोड पर गड्ढे हैं। सड़क ऊंची-नीची है। 6 से 8 महीने तक भी काम पूरा होने की कोई संभावना नहीं।
आईटी पार्क : तीन महीने से सर्विस रोड अधूरी यहां दोनों तरफ का ट्रैफिक एक तरफ की सर्विस रोड से संचालित हो रहा है। एक तरफ की सर्विस रोड तीन महीने से अधूरी है। जिस सड़क से दोनों तरफ का ट्रैफिक गुजर रहा है वह ऊबड़-खाबड़ है। जहां नई सर्विस रोड बनाई जा रही है, वहां निर्माण सामग्री, गर्डर तो है ही, अब फ्लाईऐश भी लाकर रख दी गई है। 12 महीने तक ऐसे ही हालात रहने की आशंका है। मूसाखेड़ी : 3 महीने से रोक रखी है बीच से क्रॉसिंग मूसाखेड़ी चौराहे पर जिस बो-स्ट्रिंग गर्डर के लिए 3 महीने से सड़क को बीच से रोक रखा है, वो अब तक पीथमपुर से साइट पर पहुंची ही नहीं है। सड़क क्रॉस करने वालों को एक किमी घूमकर आना-जाना पड़ रहा है। यहां भी गर्डर लॉन्चिंग धीमी गति से जारी है। चौराहे के बीच में 72 मीटर का गर्डर रखना है, उसके दोनों तरफ के पियर भी नहीं बने हैं।काम पूरा होने में 5-6 महीने का समय और लग सकता है।
6 महीने में सभी फ्लायओवर पूरे करने का प्रयास है सभी फ्लायओवर के लिए डेडलाइन बढ़ाई है। 6 माह में सभी का काम पूरा करवाने का प्रयास करेंगे। सत्यसाईं और आईटी पार्क फ्लाईओवर पर नई सर्विस रोड जल्द बनाएंगे। – गगन भाभर, डिवीजनल मैनेजर, एमपीआरडीसी