देश के 18 राज्यों में पहुंचा कोरोना वायरस का नया वैरिएंट, चिंता की बात है: केंद्र

कोरोना वायरस के नए मामलों में बढ़ोतरी के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि देश के 18 राज्यों में वायरस के डबल म्यूटेंट वैरिएंट का पता लगाया गया है, जो कि चिंता की बात है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 10,787 सैंपल में से 736 में ब्रिटेन के वायरस की पुष्टि हुई है। जबकि 34 लोगों में दक्षिण अफ्रीकी कोरोनो वायरस प्रकार का पता चला है और एक सैंपल में ब्राजील के कोरोना वायरस प्रकार की पुष्टि हुई है।

इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को चिट्ठी लिखकर कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जताई है. केंद्र सरकार ने राज्यों से आने वाले त्योहारों को लेकर सतर्कता बरतने को कहा है. केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि आने वाले त्योहारों में भीड़भाड़ न हो और कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाय.

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया था कि म्‍यूटेंट स्‍ट्रेन में 18 मार्च के बाद से 395 केस की बढ़ोत्‍तरी हुई है. पिछले पांच दिनों में सामने आए 395 केसों में से 326 अकेले पंजाब राज्‍य में दर्ज हुए हैं. यह स्‍ट्रेन पिछले साल के आखिर में यूनाइटेड किंगडम में सामने आया था. पंजाब में हाल ही में सामने आए कोरोना संक्रमण के 401 सैंपलों की Genome sequencing की गई जिसमें से 81 फीसदी सैंपल B117 वायरस के पाए गए.

 

इस बीच, पंजाब के मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने युवाओं को भी कोरोना वैक्‍सीन का टीका लगाने की मांग केंद्र सरकार से की है. पंजाब में कोरोना संक्रमण के जो नए मामले सामने आ रहे हैं, उनमें से 81 फीसदी यूके वेरिएंट के हैं. सीएम ने कहा कि B117 वायरस का काफी घातक रूप है, यह बड़े पैमाने पर युवाओं पर असर दिखा रहा है.

वैज्ञानिकों का मानना है कि यूके, दक्षिण अफ्रीकी और ब्राजील का स्‍ट्रेन अधिक संक्रामक है और इनमें से प्रत्‍येक में, पहले SARS-CoV-2 वायरस से संक्रमित हो चुके लोगों को फिर से संक्रमित करने की क्षमता है.

 

देशभर में कोरोनावायरस  और उससे होने वाले रोग COVID-19 के केसों में पिछले 24 घंटों की तुलना में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. भारतभर में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस संक्रमण के कुल 47,262 नए मामले सामने आए हैं, जो पिछले साल नवंबर के बाद रोज़ाना केसों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है. 7 नवंबर, 2020 के बाद नए मामलों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है, जिस दिन 50,356 नए मरीज़ सामने आए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *