
पूरी दुनिया में वैक्सीन के लिए एक होड़ लगी हुई है। किसी को पहली डोज, किसी को दूसरी डोज तो किसी को बूस्टर डोज लगवानी है। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के सामने आने के बाद वैक्सीन की मांग और ज्यादा बढ़ गई है क्योंकि विशेषज्ञों ने कहा है कि टीका ही एकमात्र बचाव है। लेकिन न्यूजीलैंड के एक शख्स के लिए ‘जीवनरक्षक’ वैक्सीन ही ‘जान का जोखिम’ बन गई और ये हुआ वैक्सीन की ओवरडोजिंग से।अभी तक वैक्सीन की दो या कहीं-कहीं तीन खुराकें लगाई जा रही हैं लेकिन न्यूजीलैंड में एक शख्स ने 24 घंटे में वैक्सीन की 10 डोज लगवा लीं। खबर सामने आने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय हरकत में आया और जांच के आदेश दिए गए.
हर डोज के बदले पैसे लिए:-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक व्यक्ति को प्रत्येक डोज लगवाने के बदले पैसे भी मिले हैं. जिसके चलते वह एक ही दिन में कई टीकाकरण केंद्रों में गया. अधिकारियों का कहना है कि उन्हें वैक्सीन के ओवरडोज के मामले की जानकारी मिली है और इसे गंभीरता से ले रहे हैं. न्यूजीलैंड स्वास्थ्य मंत्रालय के टीकाकरण कार्यक्रम के ग्रुप मैनेजर एस्ट्रिड कोर्निफ ने कहा, यह बेहद चिंताजनक स्थिति है और हम कई एजेंसियों के संपर्क में हैं . अगर आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं, जिसने वैक्सीन की कई डोज ली हैं, तो उसे जल्द से जल्द डॉक्टर से मिलने की सलाह दें.
साइड इफेक्ट पर डाटा नहीं:-मंत्रालय का कहना है कि जिस स्थान पर शख्स ने ढेर सारी डोज लगवाई हैं, वहां इसका डाटा मौजूद नहीं है. ऑकलैंड यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर निक्की टर्नर का कहना है कि वैक्सीन का इस्तेमाल प्राथमिक डाटा के आधार पर किया जा रहा है (Side Effects of Vaccine Overdose). जिससे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है. लेकिन कई वैक्सीन की डोज लेना सेहत के लिए हानिकारक है. हालांकि इसे लेकर कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है कि इससे शरीर को कौन से नुकसान हो सकते हैं. लेकिन ये वाकई में सुरक्षित नहीं है और व्यक्ति के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकती है.