उत्तर प्रदेश : बहराइच में सुहागरात के दिन दूल्हा-दुल्हन की मौत हार्टअटैक की वजह से हुई थी। दोनों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। दोनों को एक साथ हार्टअटैक कैसे आया? फिलहाल, इस सवाल का जवाब नहीं मिल पाया है। हालांकि, एसपी प्रशांत वर्मा का कहना है कि जिस कमरे में दोनों थे। उसमें खिड़की-रोशनदान नहीं था। फिलहाल, दोनों का बिसरा प्रिजर्व किया गया है। इसे जांच के लिए लखनऊ लैब भेजा जाएगा। ताकि, स्पष्ट वजह सामने आ सके।
शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव कैसरगंज स्थित दूल्हे के घर लाए गए। बाद में दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। दोनों का एक दिन का साथ रहा। दूल्हे प्रताप की उम्र 22 साल थी। जबकि दूल्हन पुष्पा की उम्र 20 साल थी। ऐसे में इतनी कम उम्र में दोनों को हार्टअटैक आने की बात सुनकर हर कोई हैरान है।
30 मई को प्रताप-पुष्पा ने फेरे लिए, 1 जून को शव मिले
कैसरगंज कोतवाली के गोड़हिया गांव के रहने वाले प्रताप यादव पुत्र सुंदर की शादी 30 मई को थी। घर से 3-4 किमी. दूर गोलनपुरवा की रहने वाली पुष्पा से परिवार ने शादी तय की थी। 30 मई की रात भर शादी की रस्म चलती रहीं। 31 मई की दोपहर तक बारात विदा होकर गांव पहुंची थी।
इसके बाद दिनभर घर में पूजा-पाठ की रस्म चली। रात को दोनों कमरे में सोने के लिए चले गए। 1 जून की सुबह जब देर तक बाहर नहीं आए तो प्रताप की मां ने दरवाजा खटखटाया। लेकिन, कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद रिश्तेदारों ने दरवाजा तोड़ा। दोनों की लाश बेड पर पड़ी हुई थी।
शरीर पर चोट के निशान नहीं, परिजनों ने नहीं की शिकायत
दूल्हा-दूल्हन की मौत पर पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। जिस कमरे में दोनों की मौत हुई थी। वहां जांच की। अफसरों ने बताया कि कमरे में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हां, कमरा छोटा था और उसमें दहेज में मिला सामान भरा हुआ था। वेंटिलेशन की कमी थी। जांच की गई तो दोनों के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले थे। एसपी प्रशांत वर्मा ने भी मौके पर जाकर पीड़ित परिवार से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दोनों परिवार ने कोई शिकायत नहीं की।
पोस्टमॉर्टम को तैयार नहीं थे परिजन
दूल्हा-दूल्हन की मौत के बाद दोनों परिवार पोस्टमॉर्टम कराने को तैयार नहीं हुए थे। पुलिस ने काफी समझाया। तब जाकर परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए। क्योंकि, बिना पोस्टमॉर्टम कराए मौत की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए मुश्किल था। हालांकि, हार्टअटैक की मौत भी परिजन और ग्रामीणों के गले नहीं उतर रही है।
फूड प्वाइजनिंग: एसपी प्रशांत वर्मा के मुताबिक घरवाले दोनों की मौत का कारण फूड प्वाइजनिंग बता रहे थे। लेकिन ऐसे में सवाल ये उठता है कि अगर इनकी मौत का कारण फूड प्वाइजनिंग है तो वही खाना तो घर के लोगों ने भी खाया होगा। ऐसे में यह बात सिरे से खारिज हो गई।
दवा का इस्तेमाल: दूल्हे के भाई ने बताया था कि कमरे में उल्टी पड़ी हुई थी। जिससे इस बात की भी आशंका जताई जा रही थी कि हो सकता है दोनों ने कमरे में किसी दवा का सेवन किया हो, जिसकी डोज हैवी होने की वजह से इनकी मौत हो गई हो। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में या कमरे की जांच के दौरान ऐसा कुछ पुलिस को नहीं मिला।
सुहागरात के दिन कमरे में पति-पत्नी की मौत:बहराइच में बेड पर पड़े मिले दोनों के शव, दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला
बहराइच में सुहागरात के दिन पति-पत्नी की मौत हो गई। गुरुवार सुबह दोनों के शव बेडरूम में पड़े मिले। दरवाजा तोड़कर शवों को निकाला गया। बुधवार सुबह 11 बजे बारात विदा होकर घर पहुंची थी। घर में दिनभर रस्में चलती रहीं। रात को दूल्हा प्रताप और दुल्हन पुष्पा दोनों कमरे में सोने चले गए।
सुबह जब काफी देर तक बाहर नहीं आए तो परिवार ने दरवाजा खटखटाया। लेकिन काफी देर तक अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद खिड़की से झांक कर देखा तो प्रताप और पुष्पा के शव बेड पर पड़े थे। मामला कैसरगंज कोतवाली के गोड़हिया गांव का है।