धार के बदनावर नवोदय विद्यालय में पीटी करते वक्त छठवीं की 13 वर्षीय छात्रा निशा सूर्यवंशी की अचानक मौत, साइलेंट अटैक की आशंका; पोस्टमॉर्टम के बाद जांच जारी

धार जिले के बदनावर में जवाहर नवोदय विद्यालय मुलथान में मंगलवार सुबह एक छात्रा की अचानक मौत हो गई। छठवीं क्लास में पढ़ने वाली निशा सूर्यवंशी (13) की स्कूल ग्राउंड में पीटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ी। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

निशा सूर्यवंशी की स्कूल में पीटी करते वक्त तबीयत बिगड़ गई थी

निशा रोज की तरह सुबह पीटी के लिए बाकी बच्चों के साथ ग्राउंड पर गई थी। सुबह करीब सवा 7 बजे वह पीटी करते-करते अचानक गिर पड़ी। ग्राउंड पर मौजूद बच्चों और टीचर्स ने उसे संभाला। शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर उसे फौरन सिविल अस्पताल, बदनावर ले गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने चेकअप के बाद निशा को मृत घोषित कर दिया। तहसीलदार सुरेश नागर भी सिविल अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम किया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया।

देखिए, तस्वीरें

जवाहर नवोदय स्कूल में पीटी के दौरान छात्रा की तबीयत बिगड़ गई।

बच्ची को बदनावर के सिविल अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

बदनावर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

डॉक्टर बोले- साइलेंट अटैक से मौत की आशंका

छात्रा की मौत की सही वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। डॉ. कृष्णा राठौड़ ने बताया कि बच्ची को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। साइलेंट अटैक से मौत होने की आशंका है।

टीआई अमित सिंह कुशवाह ने बताया कि जांच कर रहे हैं। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा। वहीं, तहसीलदार सुरेश नागर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *